लखनऊ, 03 जुलाई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नगरीय निकाय जनप्रतिनिधियों से काम करने की हिदायत देते हुये कहा, काम करो वरना मतदाता कुर्सी से हटा देंगे।
श्री योगी ने सोमवार को प्रदेश की राजधानी लखनऊ में नगरीय प्रशिक्षण एवं शोध केन्द्र तथा स्थानीय निकाय निदेशालय के भवन का लोकार्पण किया। उन्होने नेताओं से दो टूक शब्दों में कहा कि काम करें वरना मतदाता कुर्सी से हटा देंगे। प्रदेश की जनता कम बोलती है लेकिन जवाब जरूर देती है। काम न करने वालों को मौका आने पर बाहर का रास्ता भी दिखा देती है।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान नगरीय निकाय में उत्कृष्ट काम करने वालों को पुरस्कृत भी किया। उन्होने कहा कि स्मार्ट सिटी बनने के लिये और तेजी से काम होना चाहिये। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम प्रदेश को किस नम्बर पर रखना चाहते है। यह नगरीय निकाय की इसी टीम पर निर्भर करता है।
स्वच्छ सर्वेक्षण में स्थान पाने वाले नगरीय निकायों के पुरस्कार विजेताओं को भी इसी तरह ईमानदारी से काम करने की सलाह भी दी। उन्होने कहा कि प्रदेश के ग्रामीण इलाको में 80 लाख ने ज्यादा शौचालयों का निर्माण किया गया जबकि शहरी क्षेत्रों में इनकी सख्या केवल पांच लाख है। चुने गये प्रतिनिधियों और निकायों के अधिकारियों को सुबह -शाम केवल एक घंटा अपने क्षेत्र का निरीक्षण कराना चाहिये।







