लखनऊ, 01 अक्टूबर 2019: कांग्रेस पार्टी के विधायक गांधी जयंती पर चलने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा के विशेष सत्र का बहिष्कार करेंगे। इस संदर्भ में कांग्रेस विधायक दल के नेता अजय कुमार लल्लू ने कहा कि आखिर योगी आदित्यनाथ की सरकार सदन में किस बात की दुहाई देगी? प्रदेश में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा तोड़ी जा रही है। बापू के हत्यारे के मंदिर बनाये जा रहे हैं, उसे शहीद बताया जा रहा है। भाजपा एक ढोंग रच रही है, ऐसे सत्र में हमारे विधायक शामिल नहीं होंगे।
विधायक दल के नेता अजय कुमार लल्लू ने कहा कि बापू ने कहा था कि जब तक देश के कतार के आखिरी आदमी के भी आंखों में आंसू रहेगा, तब तक हमारा उद्देश्य पूरा नहीं होगा। लेकिन भाजपा के शासन में सब रो रहे हैं। किसान विरोधी नीतियों की मार खा रहे हैं। नौजवानों को रोजगार नहीं है, मुख्यमंत्री नौजवानों की योग्यता पर तंज कसते हैं।
महिला सुरक्षा का हाल तो पूरे देश ने उन्नाव से लेकर शाहजहांपुर तक देखा ही है कि पूरी भाजपा बलात्कारियों के साथ खड़ी है। कांग्रेस नेता अजय कुमार लल्लू ने कहा कि प्रदेश की सरकार को बताना चाहिए कि शाहजहांपुर की बेटी के बलात्कार के आरेापी चिन्मयानन्द पर बलात्कार का मुकदमा दर्ज क्यों नहीं हो रहा है? उन्होने कहा कि इन सारे सवालों पर मुख्यमंत्री जी क्या जवाब देंगे? प्रदेश की जनता उनसे जवाब चाहती है।







