नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी में जारी घमासान के बीच शिवपाल सिंह यादव आज दोपहर दिल्ली आ रहे हैं। शिवपाल शनिवार दोपहर 3 बजे के करीब दिल्ली पहुंच कर समाजवादी पार्टी संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को ताजा घटनाक्रम से अवगत करवाएंगे। शिवपाल सिंह द्वारा मुलायम को पार्टी में असंतोष के चलते इस्तीफा देने वाले नेताओं की भी जानकारी दी जाएगी। दरअसल भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश दौरे के शुरू होते ही वहां सपा और बसपा में इस्तीफों का दौर शुरू हो गया है।
जानकारी के मुताबिक बिहार और गुजरात के बाद अब उत्तर प्रदेश के विपक्षी खेमे में भी भाजपा सेंध लगाती नजर आ रही है। समाजवादी पार्टी के दो और बसपा के एक एमएलसी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया, वहीं एक और एसपी एमएलसी के इस्तीफा देने की बात कही जा रही है।
खास बात यह है कि इनमें मुस्लिम शिया समुदाय के जाने माने नेता बुक्कल नवाब भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि ये सभी नेता भाजपा जॉइन करेंगे। माना जा रहा है कि इन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा और केशव प्रसाद मौर्य के लिए अपनी सीट छोड़ी है।







