घोषणा: हर साल उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए दिया जाएगा यह सम्मान : सुरेश बहादुर सिंह
लखनऊ, 27 जुलाई 2025: यूपी जर्नलिस्ट गिल्ड के तत्वावधान में रविवार को यूपी प्रेस क्लब में स्वर्गीय वरिष्ठ पत्रकार ज्ञानेंद्र शर्मा की स्मृति में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार नवीन जोशी को प्रथम ‘स्व. ज्ञानेंद्र शर्मा स्मृति उत्कृष्ट पत्रकार सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
संगोष्ठी की शुरुआत यूपी प्रेस क्लब के पूर्व सचिव सुरेश बहादुर सिंह के संबोधन से हुई। उन्होंने स्व. शर्मा को पत्रकारिता की खुली किताब बताते हुए कहा कि वे आज की पत्रकारिता के गिरते स्तर को लेकर चिंतित रहते थे। उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति के अध्यक्ष हेमंत तिवारी ने स्व. शर्मा को अपना गुरु बताते हुए उनकी गहन तैयारी और खबरों के प्रति समर्पण की सराहना की।
बीबीसी के पूर्व संवाददाता रामदत्त त्रिपाठी ने बताया कि स्व. शर्मा तकनीक के साथ अपडेट रहते थे और इमरजेंसी के दौरान उनकी लेखनी बेहद धारदार थी। डॉ. वीके मिश्रा ने उनके मानवीय गुणों, सहनशीलता और भरोसे की मिसाल को याद किया। स्व. शर्मा के भाई हरेंद्र शर्मा और पुत्र अनुपम शर्मा ने उनके पारिवारिक और सामाजिक योगदान को रेखांकित किया।
वरिष्ठ पत्रकारों जगदीश जोशी, मुदित माथुर, नवेद शिकोह, शरत प्रधान, सुरेंद्र अग्निहोत्री, प्रद्युम्न तिवारी और सिद्धार्थ कलहंस ने स्व. शर्मा की पत्रकारिता, उनकी स्मरण शक्ति, राजनीतिक रिपोर्टिंग, और निष्पक्षता की भावना को याद किया। उन्होंने बताया कि स्व. शर्मा ने पत्रकारिता के साथ-साथ बैडमिंटन, टेबल टेनिस और साहित्य में भी अपनी छाप छोड़ी।
संगोष्ठी की अध्यक्षता कर रहे नवीन जोशी ने स्व. शर्मा के साथ बिताए पलों को साझा करते हुए उनकी शायरी और चुटकुलों को याद किया। उन्होंने पत्रकारिता के गिरते स्तर पर स्व. शर्मा की चिंता को रेखांकित किया।
सुरेश बहादुर सिंह ने घोषणा की कि यह सम्मान हर साल उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए दिया जाएगा। संगोष्ठी में घनश्याम दुबे, हरिश मिश्र, उमेश रघुवंशी, दीपक गिडवानी, मनमोहन, राजू मिश्र, टीबी सिंह, अशोक राजपूत, राजीव तिवारी, अजय त्रिवेदी, राजेश मिश्र, आशु बाजपेई, रोहित श्रीवास्तव सहित स्व. शर्मा के परिजन और शुभचिंतक उपस्थित थे।







