लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डा. शकुंतला मिश्र दिव्यांग विश्वविद्यालय के कुलपति डा.निशीथ राय को पद से हटा दिया है। प्रमुख सचिव दिव्यांगजन कल्याण विभाग को इस विश्वविद्यालय का कार्यवाहक कुलपति बनाया गया है।
इस समय दिव्यांगजन कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव पद पर वरिष्ठ आईएएस अधिकारी महेश गुप्ता तैनात हैं। सरकार के प्रवक्ता ने कुलपति को हटाये जाने की पुष्टि कर दी है। इस संबंध में विशेष सचिव दिव्यांगजन कल्याण विजय यादव ने आदेश भी जारी कर दिए हैं।
उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार यह विश्वविद्यालय यूपी सरकार का है और एक्ट के अनुसार इसके कुलाधिपति राज्यपाल न होकर मुख्यमंत्री हैं। मुख्यमंत्री को कुलपति निशीथ राय के खिलाफ गंभीर शिकायतें मिली थीं।







