नई दिल्ली, 04 अप्रैल। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने फैसला किया है कि 10वीं कक्षा की गणित की परीक्षा वापस नहीं होगी। यह परीक्षा देश के किसी भी हिस्से में आयोजित नहीं की जाएगी। हालांकि पहले बताया कि परीक्षा दिल्ली और हरियाणा के आस-पास के क्षेत्र में करवाई जा सकती है। इससे परीक्षार्थियों को राहत मिली है। इससे पहले बोर्ड ने 12वीं इकोनॉमिक्स की दोबारा परीक्षा का तारीख जारी कर दी है और रि-एग्जाम 25 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा।
12वीं बोर्ड की परीक्षा की तारीख का ऐलान करते वक्त कहा था कि बोर्ड इस पर जल्द फैसला लेगा और बोर्ड वापस परीक्षा नहीं करवाने पर भी चर्चा कर रहा है। पेपर लीक के मामले दिल्ली और आस-पास के राज्यों के अलावा कहीं से नहीं आए थे, इसलिए देश के अन्य राज्यों में परीक्षा करवाने की जरूरत नहीं है। बोर्ड पेपर लीक मामले में क्राइम ब्रांच लगातार जांच कर रही है। टीम ने सीबीएसई दफ्तर में भी जांच की है और सीबीएसई के वरिष्ठ अधिकारियों से पूछताछ की है। वहीं क्राइम बांच की ओर से कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया है।







