लखनऊः 22 अक्टूबर, 2017। उत्तर प्रदेश के राज्यपाल श्री राम नाईक ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ सदस्य एवं कार्यकर्ता श्री संकटा प्रसाद सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया। राज्यपाल ने माॅडल हाऊस स्थित केशव भवन जाकर उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मंत्री श्रीमती रीता बहुगुणा जोशी, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती स्वाती सिंह, मंत्रिमण्डल के अन्य सदस्यगण तथा अन्य वरिष्ठ एवं गणमान्य नागरिक भी उपस्थित थे।
राज्यपाल ने अपने शोक संदेश में कहा कि श्री संकटा प्रसाद सिंह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता होने के साथ ही सरल स्वाभाव एवं सादगी वाले व्यक्ति थे। वे सदैव जनहित के कार्यों के साथ किसानों के हितों के लिए प्रयासरत रहते थे। श्री सिंह के निधन से समाज सेवा के क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।