27वीं इंदिरा प्रियदर्शिनी क्रिकेट प्रतियोगिता:
लखनऊ, 22 जनवरी 2019: एलीना क्लब और लखनऊ हंटर्स क्लब ने 27वीं इंदिरा प्रियदर्शिनी क्रिकेट प्रतियोगिता में मंगलवार को खेले गए दूसरे दौर के मैचों में जीत के साथ अगले दौर में जगह बनाई। बाबा साहब खेल मैदान इटौंजा पर खेले गए पहले मैच में एलीना क्लब ने मैन ऑफ द मैच अक्षय (74 रन, दो विकेट) के हरफनमौला प्रदर्शन से इंडिया क्रिकेट क्लब को 15 रन से मात दी। एलीना क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अक्षय (नाबाद 74 रन, दो चौके, नौ छक्के) के अर्धशतक व महताब (35 रन, पांच छक्के) की पारियों से निर्धारित 15 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 162 रन बनाए।
इंडिया क्लब से राशिद व आयुष को एक-एक विकेट मिला। जवाब में लक्ष्य का पीछा करते हुए इंडिया क्लब निर्धारित ओवर में छह विकेट गंवाकर 147 रन ही बना सका। टीम से यूसुफ (30) व राशिद (23) ने पूरी कोशिश की लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। एलीना क्लब से अतुल ने तीन व अक्षय ने दो विकेट चटकाए।
दूसरे मैच में लखनऊ हंटर्स क्लब ने मैन ऑफ द मैच राहुल (74 रन, चार विकेट) के हरपफनमौला प्रदर्शन से एलसीए क्लब को 55 रन से हराया। लखनऊ हंटर्स क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए राहुल (74 रन, नौ छक्के, तीन चौके) व सूफियान (22) की पारियों से निर्धारित 17 ओवर में 163 रन बनाए। एलसीए से शौर्य सिंह व नबील को तीन-तीन विकेट मिले। जवाब में लक्ष्य का पीछा करते हुए एलसीए हिमांशु (27) व अभिनव (26) की पारियों से निर्धारित ओवर में नौ विकेट गंवाकर 108 रन ही बनाए। लखनऊ हंटर्स से राहुल ने चार जबकि कामरान ने दो विकेट चटकाए।







