नई दिल्ली, 04 जुलाई 2019: विश्वकप टीम में चयन ना होने से नाराज मध्य क्रम के बल्लेबाज अंबाती रायुडू ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दिया। 33 वर्षीय रायुडू को उम्मीद थी कि उन्हें जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक खिलाड़ियों में से विश्व कप टीम में जगह मिलेगी लेकिन जब वैकल्पिक खिलाड़ियों में से बाहर के खिलाड़ी मयंक अग्रवाल को टीम में चुन लिया गया तो रायुडू ने इसे इतिश्री मानकर क्रि केट को अलविदा कहने का फैसला कर लिया।
भावुक मेल लिखा बीसीसीआई को:
रायुडू ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया (बीसीसीआई) को पत्र लिखकर अपने संन्यास के बारे में जानकारी देते हुए एक ई-मेल में लिखा, मैं यह बात आपके ध्यानार्थ में लाना चाहता हूं कि मैं क्रिकेट से संन्यास ले रहा हूं और सभी प्रकार के क्रिकेट से हट रहा हूं। मैं बीसीसीआई और सभी राज्य संघों का धन्यवाद करना चाहता हूं जिनका मैंने प्रतिनिधित्व किया जिसमें हैदराबाद, बड़ौदा, आंध्र और विदर्भ भी शामिल हैं।
बता दें कि रायुडू ने 2013 में जिम्बाब्वे के खिलाफ अपना पहला वनडे खेला था और उन्होंने 55 वनडे में 47.05 के औसत से 1694 रन बनाए थे। उन्होंने सीमित ओवर क्रि केट पर ध्यान केंद्रित करने के लिए पिछले वर्ष नवंबर में प्रथम श्रेणी क्रि केट से संन्यास ले लिया था।
एक समय भारतीय मध्यक्रम में चौथे स्थान पर रायुडू का दावा पक्का माना जा रहा था और कप्तान विराट कोहली ने भी रायुडू को चौथे नंबर के लिए दावेदार माना था। लेकिन रायुडू को विश्व कप टीम में नहीं चुना गया था और टीम में आलराउंडर विजय शंकर को जगह मिली थी।







