‘मेरी पारी पूरी हुई, और ईमानदारी से कहूं, तो मैं थक गया हूं
नई दिल्ली, 23 मई। दक्षिण अफ्रीका के स्टार बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने अचानक ही क्रिकेट के सभी प्रारुपों से संन्यास की घोषणा कर सबको हैरान कर दिया है। बुधवार को 34 वर्षीय डिविलियर्स ने अपने अधिकारिक टि्वटर अकाउंट पर एक विडियो शेयर करते हुए कहा, ‘आज मैंने एक बड़ा फैसला किया है।’ इसके साथ ही उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से अपने संन्यास की घोषणा कर दी। 2019 विश्व कप से पहले डिविलियर्स के अचानक ही संन्यास लेने से दक्षिण अफ्रीका की उम्मीदों को करारा झटका लगा है। दक्षिण अफ्रीकी टीम के लिए उनकी कमी पूरी करना आसान नहीं होगा।
क्रिकेट प्रशंसकों को इससे हैरानी होना स्वाभाविक है क्योंकि डिविलियर्स दुनिया के सबसे आक्रामक बल्लेबाजों में शामिल हैं। अपने 14 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर में डिविलियर्स ने 114 टेस्ट मैच में 22 शतकों के साथ ही 50.66 के औसत से 8765 रन बनाए हैं। वहीं 220 एकदिवसीय में उन्होंने 53.5 के औसत से 9577 रन बनाए हैं। टी20 में भी उनके आंकड़े बेहतरीन हैं। 78 टी-20 मैचों में इस खिलाड़ी ने 10 अर्धशतकों के साथ 1672 रन बनाये हैं।
आईपीएल में वह रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की ओर से खेलते थे।
अपने विडियो में एबी डिविलियर्स ने कहा, ‘मेरी पारी पूरी हुई, और ईमानदारी से कहूं, तो मैं थक गया हूं। यह कठिन फैसला था, मैंने इस पर लंबे समय तक विचार किया और अब मैं रिटायरमेंट लेना चाहता हूं, बावजूद इसके कि मैं अभी शानदार क्रिकेट खेल रहा हूं।’ डि विलियर्स ने कहा, ‘हाल ही हमने भारत और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार सीरीज जीती और अब महसूस कर रहा हूं कि क्रिकेट छोड़ने का यह सही समय है।’







