118वां मैच खेलकर मिताली सबसे अधिक वनडे में कप्तानी करने वाली बनी खिलाड़ी
कोलंबो,13 सितम्बर 2018: मिताली सबसे अधिक एकदिवसीय मैचों में कप्तानी करने वाली खिलाड़ी बन गयी है। बता दें क़ि भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान मिताली राज ने श्रीलंका के खिलाफ एक एकदिवसीय मैच में जीत के साथ ही यह और रिकॉर्ड अपने नाम किया है। इसी के साथ मिताली ने कप्तान के तौर पर 118वां मैच खेलकर इंग्लैंड की चार्लोटे एडवर्ड्स के 117 एकदिवसीय खेलने के रिकार्ड को तोड़ दिया।
वहीं महिला एकदिवसीय मैचों में कप्तानी के मामले में ऑस्ट्रेलिया की बेलिंडा क्लार्क तीसरे स्थान पर हैं। क्लार्क ने 101 मैचों में अपने देश की टीम की कप्तानी की है। वहीं न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स इस सूची में चौथे 76 एकदिवसीय और वेस्टइंडीज की मेरिसा एग्युलिएरा 74 एकदिवसीय खेलने के साथ ही पांचवें स्थान पर हैं।
मिताली ने वर्ष 2002 में अपने इंटरनेशनल करियर का आगाज किया था। पहला इंटरनेशनल मैच उन्होंने टेस्ट के रूप में इंग्लैंड के खिलाफ जनवरी 2002 में खेला खेला था। 35 वर्षीय मिताली अब तक 10 टेस्ट, 195 वनडे और 77 टी20 मैच खेल चुकी हैं। टेस्ट क्रिकेट में 663, एकदिवसीय में 6373, और टी20 इंटरनेशनल में 2123 रन उनके नाम पर दर्ज हैं।
टेस्ट क्रिकेट में मिताली ने एक शतक बनाया है जबकि एकदिवसीय में वे छह शतक बना चुकी हैं। 214 रन टेस्ट क्रिकेट में मिताली का सर्वोच्च स्कोर रहा। मिताली के लिए खास उपलब्धि वाला यह मैच भारतीय टीम के लिए सफलता से भरा रहा। कोलंबो में मंगलवार को खेले गए इस मैच में भारतीय टीम ने 9 विकेट से जीत हासिल की।







