अपनी धुंवाधार पारी की बदौलत कप्तान कीरोन पोलार्ड ने किंग्स इलेवन पंजाब को रोमांचक मुकाबले में तीन विकेट से हराकर जीत की हैट्रिक बनाई, राहुल का शतक गया बेकार
नई दिल्ली, 11 अप्रैल 2019: कार्यवाहक कप्तान कीरोन पोलार्ड की तूफानी पारी से मुंबई इंडियन्स ने लोकेश राहुल के शतक पर पानी फेरते हुए इंडियन प्रीमियर लीग में बुधवार को यहां किंग्स इलेवन पंजाब को रोमांचक मुकाबले में तीन विकेट से हराकर जीत की हैट्रिक बनाई।
पोलार्ड ने सिर्फ 31 गेंद में 10 छक्कों और तीन चौकों की मदद से 83 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। जिससे मुंबई की टीम अंतिम गेंद पर सात विकेट पर 198 रन बनाकर जीत दर्ज करने में सफल रही। पोलार्ड ने अल्जारी जोसेफ (नाबाद 15) के साथ सातवें विकेट के लिए 3.4 ओवर में 54 रन की साझेदारी भी की जिन्होंने लगातार दूसरे मैच में मुंबई की जीत में अहम भूमिका निभाई।

मोहम्मद शमी (21 रन पर तीन विकेट) ने शानदार गेंदबाजी की लेकिन किंग्स इलेवन पंजाब को हार से नहीं बचा पाए। इससे पहले सलामी बल्लेबाज राहुल ने आईपीएल में अपना पहला शतक जड़ते हुए नाबाद 100 रन की पारी खेलने के अलावा गेल (63) के साथ पहले विकेट के लिए 116 रन की साझेदारी भी की जिससे किंग्स इलेवन पंजाब ने चार विकेट पर 197 रन बनाए।
राहुल ने 64 गेंद की अपनी पारी में छह छक्के और इतने ही चौके मारे जबकि गेल ने तूफानी पारी खेलते हुए 36 गेंद का सामना करते हुए सात छक्के और तीन चौके जड़े। लक्ष्य का पीछा करने उतरे मुंबई इंडियन्स की शुरुआत मिश्रित रही। सिद्धेश लाड ने अंकित राजपूत (52 रन पर एक विकेट) के पहले ओवर में लगातार गेंदों पर छक्का और चौका मारा लेकिन शमी ने उन्हें बोल्ड कर दिया। उन्होंने 15 रन बनाए।
पोलार्ड ने अश्विन पर लगातार दो छक्के जड़कर रन गति में इजाफा किया। मुंबई को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 63 रन की दरकार थी। हार्दिक हालांकि 16वें ओवर में शमी की पहली गेंद ही लांग आफ पर मिलर के हाथों में खेल गए।







