- भारत पहली पारी: 367
- दूसरी पारी: 127
- उमेश ने पूरे मैच में 133 रन देकर 10 विकेट झटके
- भारत को 72 रन का मिला लक्ष्य
- भारत ने वेस्टइंडीज को फिर धोया, उमेश ने झटके दस विकेट
मुंबई, 14 अक्टूबर 2018: भारतीय क्रिकेट टीम के युवाओं ने आज फिर एक बड़ा उलटफेर करते हुए वेस्टइंडीज से दूसरा टेस्ट मैच जीत लिया, इस मैच के हीरो बने उमेश यादव ने दस विकेट झटक कर इतिहास रच दिया।
बता दें कि तेज गेंदबाज उमेश यादव ने अपने करियर में पहली बार मैच में दस विकेट लेने का कारनामा किया है जिससे भारत ने वेस्टइंडीज को दूसरे और अंतिम टेस्ट क्रिकेट मैच में रविवार को यहां रिकार्ड दस विकेट से हराकर दो मैचों की श्रृंखला में क्लीन स्वीप किया।
गौरतलब है कि वेस्टइंडीज की टीम भारत को पहली पारी में 367 रन पर रोकने में सफल रही लेकिन इसके बाद उसके बल्लेबाज नहीं चले और उसकी टीम दूसरी पारी में 127 रन पर ढेर हो गयी, पहली पारी में 56 रन की बढ़त हासिल करने वाले भारत को इस तरह से 72 रन का लक्ष्य मिला।
यंगस्टर पृथ्वी साव (नाबाद 33) और फार्म से जूझ रहे केएल राहुल (नाबाद 33) ने 16.1 ओवर में भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के 75 रन पर पहुंचाकर टीम को तीसरे दिन ही जीत दिलायी। 18 साल और 339 दिन के साव ने विजयी चौका लगाया। वह भारत की तरफ से विजयी रन बनाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गये हैं।
उमेश ने 45 रन देकर चार विकेट लिये और इस तरह से मैच में 133 रन देकर दस विकेट लेने में सफल रहे। वह कपिल देव और जवागल श्रीनाथ के बाद घरेलू सरजमीं पर मैच में दस या अधिक विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय तेज गेंदबाज बन गये हैं। उमेश को दूसरी पारी में अन्य तीनों गेंदबाजों रविंद्र जडेजा (12 रन देकर तीन), रविचंद्रन अश्विन (24 रन देकर दो) और कुलदीप यादव (45 रन देकर एक) का अच्छा सहयोग मिला।
इस दौरान वेस्टइंडीज के बल्लेबाज फिर से जूझते नजर आये। उसकी तरफ से सुनील अंबरीश ने 38 और शाई होप ने 28 रन बनाये। उमेश के पास वेस्टइंडीज की दूसरी पारी के शुरू में ही दो पारियों में बंटी हैट्रिक का मौका था लेकिन क्रेग ब्रेथवेट (शून्य) पहली गेंद पर बच गये. उन्होंने हालांकि लेग साइड की अगली गेंद पर विकेटकीपर ऋषभ पंत को कैच दे दिया।
टेस्ट क्रिकेट में यह आठवां अवसर है जबकि भारत दस विकेट से जीत दर्ज करने में सफल रहा। वेस्टइंडीज के खिलाफ उसने पहली बार यह उपलब्धि हासिल की। भारतीय टीम ने राजकोट में पहले टेस्ट मैच में भी पारी ओर 272 रन से रिकार्ड जीत दर्ज की थी। भारत ने स्वदेश में लगातार दस श्रृंखलाएं जीतकर आस्ट्रेलियाई रिकार्ड की बराबरी भी की।







