नई दिल्ली, 03 अक्टूबर 2018: भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच रवि शास्त्री ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा है कि कप्तान विराट कोहली द्वारा लगातार खेले जा रहे क्रिकेट से कुछ दूर कर उन्हें मानसिक रूप से आराम करने के लिए कहा गया था।
बता दें कि भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट को हाल ही में संपन्न हुए एशिया कप में आराम दिया गया था। जहां ओपनर रोहित शर्मा ने कप्तानी करते हुए सातवीं बार भारत को चैंपियन बनाया।
विराट को यूएई में हुए टूर्नामेंट से बाहर रखने की वजह बताते हुए मंगलवार को शास्त्री ने कहा, ‘‘विराट को आराम की जरूरत थी। शारीरिक रूप से वह बहुत मजबूत हैं। उन्हें मैदान से बाहर नहीं किया जा सकता है।’
उन्होंने कहा कि, ‘हम सभी जानते हैं कि जब विराट क्रिकेट खेलते हैं तो वह किस आक्रामकता और तेजी के साथ खेलते हैं। ऐसे में उन्हें शारीरिक से अधिक मानसिक आराम देने की जरूरत थी ताकि जब वह वापसी करें तो तरो ताजा होकर आएं।’शास्त्री ने कहा, ‘‘हमने जैसे विराट को आराम दिया है वैसे ही हम बाकी खिलाड़ियों को भी आराम देंगे।
उन्होंने कहा कि हमें लगभग सभी खिलाड़ियों के साथ ऐसा करना होगा। जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार ये ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्हें हम टीम में नियमित चाहते हैं। इसके लिए उन्हें ऊर्जावान बनाए रखना जरूरी है।’ विराट अब बुधवार से वेस्ट इंडीज के खिलाफ शुरू होने जा रही दो टेस्ट मैचों की सीरीज से फिर राष्ट्रीय टीम में वापसी करेंगे और 15 सदस्यीय टीम की कप्तानी करेंगे।







