विराट कोहली शीर्ष पर बरक़रार
नई दिल्ली, 29 नवंबर 2018: विराट कोहली आईसीसी टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष पर बने हुए हैं जबकि दक्षिण अफ्रीका के कागिसो रबाडा फिर से दुनिया के नंबर एक टेस्ट गेंदबाज बन गए हैं।
बता दें कि आईसीसी की बुधवार को यहां जारी रैंकिंग के अनुसार कोहली के 935 अंक हैं। गेंदबाजी रैंकिंग में शीर्ष पर बदलाव हुआ और रबादा फिर से नंबर एक गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने इंग्लैंड के जेम्स एंडरसन की जगह ली है जो श्रीलंका के खिलाफ आखिरी टेस्ट मैच में नहीं खेल पाए थे। इससे एंडरसन को नौ रेटिंग अंक का नुकसान हुआ और वह अब रबाडा से आठ अंक पीछे हैं।
ताजा जारी रैंकिंग में रविचंद्रन अश्विन भी एक पायदान ऊपर सातवें स्थान पर पहुंच गए हैं। रविंद्र जडेजा (पांचवें) अब भी भारत के नंबर एक गेंदबाज बने हुए हैं। अश्विन को ट्रेंट बोल्ट (आठवें) के दो पायदान नीचे खिसकने का फायदा मिला है। पाकिस्तान के यासिर शाह ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 14 विकेट लेने के दम पर नौ पायदान की लंबी छलांग लगाई है और वह दसवें स्थान पर पहुंच गए हैं।
यासिर के अलावा बांग्लादेश के ताइजुल इस्लाम अपने कॅरियर के सर्वश्रेष्ठ 21वें स्थान पर पहुंच गए हैं। भारतीय बल्लेबाजों में कोहली के अलावा केवल चेतेश्वर पुजारा (छठे) शीर्ष दस में शामिल हैं।







