ख़बरें सी.एम.एस से
लखनऊ, 24 अगस्त 2024: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व अत्यंत ही उल्लास और भव्यता के साथ सिटी मोन्टेसरी स्कूल, अशर्फ़ाबाद शाखा में मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित विविध कार्यक्रमों ने त्यौहार के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व को प्रकट किया, बल्कि छात्रों और उनकी माताओं की उत्कृष्ट प्रतिभाओं को भी मंच प्रदान किया।
कार्यक्रम की शुरुआत नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा की गई कक्षा 1 के बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म पर आधारित एक आकर्षक नाटिका का मंचन किया, जिसमें करुणा, प्रेम और बुराई पर अच्छाई की जीत जैसे शाश्वत मूल्यों को दर्शाया गया। इस नाटिका को और भी जीवंत बनाने के लिए छात्रों ने कृष्ण लीला पर आधारित एक नृत्य भी प्रस्तुत किया, जिसमें वे रंग-बिरंगे परिधानों में सजे हुए थे। इस उत्सव को और भी विशेष बनाने के लिए छात्रों की माताओं के लिए विभिन्न रोचक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस अवसर का विशेष आकर्षण ’दही हांडी’ का आयोजन रहा, जिसमें जूनियर सेक्शन के छात्रों ने पारंपरिक उत्साह के साथ टीम भावना का परिचय दिया।
वैज्ञानिक सोच का अभूतपूर्व नजारा दिखा कोफास-2024 में
लखनऊ, 24 अगस्त: सिटी मोन्टेसरी स्कूल, राजेन्द्र नगर प्रथम कैम्पस द्वारा आयोजित चार दिवसीय अन्तर्राष्ट्रीय कम्प्यूटर ओलम्पियाड ‘कोफास-2024’ के दूसरे दिन आज थाईलैण्ड, श्रीलंका, नेपाल एवं देश के विभिन्न प्रान्तों से आये अधिक बाल वैज्ञानिकों ने विभिन्न रोचक व ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं में विभिन्न देशों की संस्कृति व सभ्यता से भी रूबरू हुए। इस अन्तर्राष्ट्रीय कम्प्यूटर ओलम्पियाड के दूसरे दिन आज देश-विदेश के प्रतिभागी छात्रों ने कोलेसियम (ड्रामा), क्रिएटर्स (फ्लायर डिजाइनिंग), सिंथवेव (समूह गायन), साफ्टेक (गेम डिजाइनिंग) एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में प्रदर्शन कर दर्शकों के साथ ही साथ निर्णायकों को भी प्रभावित कर दिया।
अपरान्हः सत्र में आयोजित सिंथवेव (समूह गायन) प्रतियोगिता में छात्रों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का जलवा बिखेरा। इसके अलावा, सायंकालीन सत्र में यूफोरिया (साँस्कृतिक कार्यक्रम) का भव्य आयोजन सी.एम.एस. कानपुर रोड ऑडिटोरियम में सम्पन्न हुआ, जिसमें देश-विदेश की प्रतिभागी टीमों ने अपने-अपने देश के लोकनृत्यों व लोकगीतों की इन्द्रधनुषी छटा का प्रदर्शन कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।