नई दिल्ली। कांग्रेस को आज उस समय बड़ा झटका लगा जब उच्चतम न्यायालय ने गुजरात की 3 सीटों पर होने वाले राज्यसभा चुनाव में नोटा के इस्तेमाल करने पर रोक लगाने से आज इंकार कर दिया। शीर्ष न्यायालय ने राज्यसभा चुनाव में नोटा का इस्तेमाल करने के चुनाव आयोग के फैसले के खिलाफ कांग्रेस की याचिका को खारिज कर दिया है। यह कांग्रेस के लिए बहुत बड़ा झटका है। उच्चतम न्यायालय ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में नोटा का इस्तेमाल करने संबंधी अधिसूचना 2014 में जारी की गई थी।
उच्चतम न्यायालय ने बताया कि यह एक संवैधानिक मुद्दा है और इस पर व्यापक बहस की आवश्यकता है। उच्चतम न्यायालय ने इस मामले में चुनाव आयोग से 2 हफ्ते में जवाब मांगा है। भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा की 3 सीटों पर होने वाले चुनाव में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और सूचना प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी तथा कांग्रेस से इस्तीफा देकर आये विधायक बलवंत सिन्हा राजपूत को उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस ने इस चुनाव में पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार अहमद पटेल को उम्मीदवार बनाया है। गुजरात में पार्टी के 57 विधायक थे जिसमें से विपक्ष के नेता शंकर सिंह वाघेला समेत 7 विधायकों ने इस्तीफा दे दिया है।







