मेरठ, 26 जुलाई जिले के एक अस्पताल में स्वाइन फ्लू से ग्रस्त 60 वर्षीय महिला की कल मौत हो गयी। जिले के अस्पताल में इस बीमारी से होने वाली यह पहली मृत्यु है। हालांकि महिला पडोसी हापुड जनपद की रहने वाली थी।
मेरठ सदर अस्पताल के मुख्य चिकित्साधिकारी डॉक्टर राज कुमार ने महिला की मौत की पुष्टि करते हुए आज बताया कि जिले में स्वाइन फ्लू बीमारी से किसी मरीज के मौत की यह पहली घटना है।
कुमार ने बताया कि पडोसी जनपद हापुड के गौहरा गांव निवासी ओमवती (60) को 21 जुलाई को मेरठ शहर के आईआईएमटी लाइफ लाइन अस्पताल में भर्ती कराया गयाथा। उनके स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर स्वाइन फ्लू की जांच के लिए नमूना एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में भेजा गया।
उन्होंने कहा कि मंगलवार को प्राप्त रिपोर्ट में ओमवती को स्वाइन फ्लू होने की पुष्टि हुई। लेकिन रिपोर्ट आने से पहले उनकी मृत्यु हो गयी थी।
इसके अलावा मेरठ में अलग-अलग निजी नर्सिग होम में भर्ती कोमल (22) और पूनम (31) में भी स्वाइन फ्लू के लक्षण पाए गए हैं।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार दोनों को इलाज के लिए दिल्ली के लिए रेफर किया गया है।
मेरठ में अभी तक नौ मरीजों को स्वाइन फ्लू होने की पुष्टि हुई है।







