टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की 4 अप्रैल को रामलीला मैदान में महारैली, लखनऊ में हुई उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक
लखनऊ। अनुभवी शिक्षकों पर थोपी गई TET (शिक्षक पात्रता परीक्षा) की अनिवार्यता के खिलाफ देशभर के शिक्षक एकजुट हो रहे हैं। टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (TFI) के बैनर तले 4 अप्रैल 2026 को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में विशाल महारैली आयोजित होगी। इसी की तैयारियों को लेकर लखनऊ के शिक्षक भवन, रिसालदार पार्क पर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई।
बैठक में मुखर विरोध
बैठक की मुख्य फोकस TET अनिवार्यता के विरोध में रणनीति बनाने पर रहा। मुख्य अतिथि और पर्यवेक्षक श्री सुधांशु मोहन (प्रांतीय उपाध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष लखनऊ) ने कहा, “सरकार द्वारा थोपी गई TET की अनिवार्यता अनुभवी शिक्षकों के स्वाभिमान पर सीधी चोट है। हम 4 अप्रैल को दिल्ली की सड़कों पर उतरकर अपनी मजबूत एकजुटता दिखाएंगे।”जिला कोषाध्यक्ष फहीम बेग ने चेतावनी देते हुए कहा, “जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं होतीं, यह आंदोलन जारी रहेगा।”
“दशकों का अनुभव ही हमारी पात्रता है”
जिलाध्यक्ष सुधांशु मोहन ने कड़े शब्दों में कहा, “दशकों से शिक्षा की अलख जगाने वाले शिक्षकों को अब कागजी परीक्षा की कसौटी पर कसना सरासर अन्याय है। हम इस काले कानून को वापस कराकर ही दम लेंगे।”जिला मंत्री वीरेंद्र सिंह ने इसे शिक्षकों के भविष्य के खिलाफ साजिश बताते हुए जोर दिया,
“TET अनिवार्यता शिक्षकों को अंधकार में धकेलने की साजिश है। लखनऊ का एक-एक शिक्षक दिल्ली पहुंचकर इसे विफल कर देगा। हमारी वरिष्ठता और अनुभव ही हमारी असली पात्रता है। कागजी परीक्षाओं के जाल में शिक्षकों का शोषण अब बर्दाश्त नहीं होगा।”
पूरे जिले से दिल्ली कूच का संकल्प
बैठक में लखनऊ जनपद के सभी ब्लॉक अध्यक्ष, मंत्री, कोषाध्यक्ष और कार्यकारिणी सदस्यों ने एकमत से संकल्प लिया कि जिले के कोने-कोने से शिक्षक दिल्ली पहुंचेंगे और महारैली को सफल बनाएंगे।बैठक के समापन पर सभी पदाधिकारियों ने ‘शिक्षक एकता जिंदाबाद’ के नारों के साथ आंदोलन की सफलता की शपथ ली।
प्रमुख उपस्थित पदाधिकारी
इस अवसर पर मलिहाबाद अध्यक्ष अवधेश कुमार काकोरी अध्यक्ष अजय कुमार अध्यक्ष प्रदीप सिंह गोसाईगंज अध्यक्ष योगेंद्र सिंह यादव, नगर अध्यक्ष संदीप सिंह मंत्री अभय प्रकाश मोहनलालगंज अध्यक्ष आलोक शुक्ला, चिनहट अध्यक्ष विजय कुमार गोसाईगंज मंत्री अतीश कुमार मोहनलालगंज मंत्री राम शंकर शुक्ला सरोजिनी नगर मंत्री धीरेंद्र कुमार काकोरी मंत्री महेंद्र कुमार एवं सभी ब्लॉक के कोषाध्यक्ष समस्त कार्यकारिणी सदस्य सहित सैकड़ो शिक्षक उपस्थित रहे।







