बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के निर्माण में चार जिलों हमीरपुर, इटावा, चित्रकूट, महोबा के भूमि अधिग्रहण का लोगों पर पड़ने वाले प्रभावों के सामाजिक मूल्यांकन के लिए समाज वैज्ञानिकों की टीम उत्तर प्रदेश शासन ने बना दी है। यह टीम भूमि अधिग्रहण के बाद जमीन मालिकों व अन्य लोगों पर पड़ने वाले प्रभाव का आंकलन कर शासन को सौंपेगी। इस सात सदस्यीय टीम में लखनऊ विश्वविद्यालय दो सदस्य शामिल हैं।
शासन के औद्योगिक विकास अनुभाग तीन के आदेश संख्या 408/77-3-2020-159एम के अनुसार इस टीम में लखनऊ विश्वविद्यालय के समाजकार्य विभाग के डाक्टर एके भारतीय, लखनऊ विश्वविद्यालय के ही समाजशास्त्र विभाग के डाक्टर पवन कुमार मिश्र, चित्रकूट के ग्रामसभा टिटिहरा के ग्राम प्रधान हेम सिंह, चित्रकूट के ही करारी ग्रामसभा के ग्रामप्रधान कोदा प्रसाद, राम मनोहर लोहिया विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग के प्रोफेसर विनोद कुमार श्रीवास्तव, राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के प्रोढ शिक्षा एवं शिक्षा विस्तार विभाग के अपर निदेशक प्रोफेसर सुरेन्द्र मिश्रा के अलावा लोक निर्माण विभाग का एक विशेषज्ञ शामिल हैं।







