मुंबई। डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। सूर्यकुमार यादव एक बार फिर टीम की कमान संभालेंगे, जबकि ऑलराउंडर अक्षर पटेल को उपकप्तान नियुक्त किया गया है। सबसे बड़ा सरप्राइज शुभमन गिल का टीम से बाहर होना रहा, जो हालिया खराब फॉर्म के कारण चयनकर्ताओं के निशाने पर थे।
बीसीसीआई मुख्यालय में शनिवार को चयन समिति की बैठक के बाद मुख्य चयनकर्ता अजित अगरकर और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीम का ऐलान किया। टूर्नामेंट भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में 7 फरवरी से शुरू होगा, जहां भारत अपना पहला मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में अमेरिका के खिलाफ खेलेगा।
टीम में ईशान किशन की वापसी हुई है, जो दूसरे विकेटकीपर के रूप में संजू सैमसन के साथ शामिल हैं। रिंकू सिंह और वॉशिंगटन सुंदर जैसे खिलाड़ियों को भी जगह मिली है, जबकि स्पिन विभाग में कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती मजबूती प्रदान करेंगे। तेज गेंदबाजी की कमान जसप्रीत बुमराह के हाथों में रहेगी।
भारतीय टीम की पूरी लिस्ट:
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अक्षर पटेल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह , हर्षित राणा, वॉशिंगटन सुंदर
चयनकर्ताओं ने फॉर्म और संतुलन को प्राथमिकता देते हुए यह टीम चुनी है। घरेलू सरजमीं पर खिताब बचाने की चुनौती के साथ टीम इंडिया मैदान में उतरेगी, जहां पाकिस्तान के खिलाफ हाई-वोल्टेज मुकाबला भी ग्रुप स्टेज में होगा। क्रिकेट प्रेमियों की नजरें अब इस युवा और आक्रामक टीम के प्रदर्शन पर टिकी हैं।







