बीसीसीआई ने कहा कि यदि सरकार अनुमति देगी तो टीम इंडिया जुलाई में सीमित ओवरों की सीरीज के लिए श्रीलंका जाने को राजी है। बीसीसीआई ने साफ किया कि यदि भारत सरकार अनुमति देगी तो टीम इंडिया जुलाई के अंत में सीमित ओवरों की सीरीज के लिए श्री लंका का दौरा करने के लिए तैयार है। क्रिकेट श्रीलंका ने बीसीसीआई को ईमेल कर भारतीय टीम को तीन वनडे और तीन टी20 मैचों की सीरीज के लिए भेजने का अनुरोध किया है।
एक मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बीसीसीआई कोषाध्यक्ष अरूण धूमल ने कहा, यह सब कुछ लॉकडाउन में राहत और यात्रा पाबंदियों से जुड़े सरकारी दिशा-निर्देशों पर निर्भर करेगा। इसके लिए हम अपने खिलाडियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं करेंगे। क्रिकेट श्रीलंका ने एक पत्र के जरिए बीसीसीआई से अनुरोध किया था कि वह तीन वनडे और तीन टी20 मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम की मेजबानी करना चाहता है। इसके मुकाबले खाली स्टेडियमों में खेले जाएंगे लेकिन भारतीय टीम को 14 दिनों तक क्वारेंटाइन में रहना होगा।
श्रीलंका में कोरोना वायरस का ज्यादा प्रभाव देखने को नहीं मिला है और वहां लॉकडाउन की अवधि भी 11 मई को खत्म हो चुकी हैं। श्रीलंका के क्रिकेट बोर्ड ने पिछले दिनों बीसीसीआई के सामने आईपीएल 2020 की मेजबानी करने की भी इच्छा जताई थी। वैसे बीसीसीआई ने उसे इस मामले में अभी तक कोई जवाब नहीं दिया है। यदि कोरोना वायरस के चलते इस साल आईपीएल का आयोजन नहीं हुआ तो बीसीसीआई को करीब 4000 करोड़ का नुकसान होगा।
भारत में देशव्यापी लॉकडाउन की वजह से टीम इंडिया के खिलाफ 25 मार्च से घरों में कैद हैं। भारतीय खिलाड़ी इसके बावजूद फिटनेस पर गंभीरता से ध्यान दे रहे हैं। बीसीसीआई सपोर्ट और कोचिंग स्टाफ उन पर कड़ी नजर रखे हुए हैं। इतने कम समय के रहते अब यह सीरीज हो पाएगी या नहीं यह कह पाना मुश्किल है लेकिन बीसीसीआई ने गेंद अब सरकार के पाले में डाल दी हैं।







