तमिलनाडु के कोयंबटूर की घटना
तीसरी शादी करने जा रहे 26 वर्षीय एक व्यक्ति की उसकी दोनों पत्नियों ने सरेआम पिटाई कर दी। घटना तमिलनाडु के कोयंबटूर के पास की है। एस. अरविंद उर्फ दिनेश, जो एक प्राइवेट सेक्टर का कर्मचारी है, उसने पहली शादी 2016 में प्रियदर्शिनी से की थी, लेकिन शादी के तुरंत बाद दिनेश ने उसके साथ बुरा बर्ताव करना शुरू कर दिया।
जब प्रियदर्शनी ने अपने सास-ससुर को उसके बुरे बर्ताव के बारे में बताया तो दिनेश के माता-पिता ने उसे अनसुना कर दिया। इसलिए उसने दिनेश के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और अपने माता-पिता के पास तिरुपुर चली गई।अपनी पहली पत्नी के चले जाने के बाद दिनेश एक वैवाहिक वेबसाइट पर दूसरी पत्नी की तलाश करने लगा। अप्रैल 2019 में अपनी पहली शादी को छिपाते हुए दिनेश ने अनुप्रिया से शादी की, जो दो साल के बेटे की मां थी और तलाकशुदा थी।
शादी के दो महीने बाद ही दिनेश ने अनुप्रिया के साथ भी बुरा बर्ताव करना शुरू कर दिया, जिसके बाद वह अपने मायके करुर चली गई। उसकी दूसरी पत्नी के चले जाने के बाद दिनेश फिर से तीसरी बार शादी करने के लिए इंटरनेट के वैवाहिक वेबसाइट पर जाल बिछाने लगा। प्रियदर्शनी और अनुप्रिया को जब इस बारे में पता चला, तो वे उस कंपनी में गईं जहां दिनेश काम कर रहा था और उसे बाहर बुलाकर उसकी सरेआम जमकर पिटाई कर दी।







