29 सितंबर को प्रयागराज जंक्शन पर कराया था गर्भवती महिला का सुरक्षित प्रसव, डीएम आवास पर मिला प्रशस्ति पत्र
प्रयागराज। प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर प्रसव पीड़ा से कराह रही गर्भवती महिला की मदद कर मां और नवजात की जान बचाने वाले आरपीएफ उपनिरीक्षक कार्तिक मिश्रा और उषा मौर्य को सम्मानित किया गया। डीएम आवास पर मनोवैज्ञानिक काउंसलर, पैरेंटिंग कोच और लेखिका डॉ. अंकिता राज ने दोनों को प्रशस्ति पत्र देकर उनके मानवीय कार्य की सराहना की।
घटना 29 सितंबर की है। ड्यूटी के दौरान दोनों उपनिरीक्षकों ने 28 वर्षीय बसंती को प्रसव पीड़ा से परेशान देखा तो तत्काल मदद शुरू की। इसी दौरान महिला ने प्लेटफॉर्म पर ही बच्ची को जन्म दिया। सूचना मिलते ही डॉ. नूपुर पांडे मेडिकल टीम के साथ पहुंचीं और मां-बच्ची को प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद दोनों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत स्वस्थ बताई गई।
डॉ. अंकिता राज ने कहा कि कर्तव्य के साथ संवेदनशीलता भी बेहद जरूरी है। दोनों उपनिरीक्षकों ने त्वरित निर्णय और तत्परता दिखाकर दो जिंदगियों को सुरक्षित रखने में अहम भूमिका निभाई। उनका यह कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक है।







