लखनऊ । पर्यटन किसी भी देश और राज्य के लिए बहुत उपयोगी होता है। इसी बात का ध्यान में रखकर उत्तरप्रदेश सरकार पर्यटन क्षेत्र को व्यापक स्तर पर बढ़ावा दे रही है और इसके लिये राज्य सरकार ने ‘यूपी नहीं देखा तो इंडिया नहीं देखा’ टैगलाइन के साथ ब्रांडिंग के लिए गीतकार एवं लेखक प्रसून जोशी को जोड़ा है। इसके बार में राज्य विधानसभा में कांग्रेस की आराधना मिश्र के सवाल के जवाब में राज्य की पर्यटन मंत्री रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि हम पर्यटन क्षेत्र को बडे़ पैमाने पर प्रोत्साहित करने के लिये कटिबद्ध हैं। हम ब्रांडिंग के लिये प्रसून जोशी को अपने साथ जोड़ा है। इसका टैगलाइन यूपी नहीं देखा तो इंडिया नहीं देखा’’ लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार इस समय पर्यटन स्थलों पर बुनियादी सुविधाओं को विकसित कर रही है और उनका सौन्दर्यीकरण कर रही है।
विधानसभा में जबाब देते हुए रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि विभिन्न योजनाओं के तहत रामायण,बुद्ध,कृष्ण,धार्मिक एवं अन्य सर्किट विकसित किये जा रहे हैं। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई जिलों में महोत्सव भी हो रहे हैं। इसी दौरान हवाई संपर्क के बारे में कांग्रेस नेता अजय कुमार लल्लू के सवाल पर मंत्री ने कहा कि हवाई संपर्क के लिये 5 समझौतों पर हस्ताक्षर हुए हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन क्षेत्र में हमारी सरकार ने 10 महीने में जो किया है वह पिछले 40 वर्ष में नहीं हो सका।







