उत्तर प्रदेश सरकार विकास के अनेक मोर्चो पर कार्य कर रही है। इनमें उद्योग,लघु व कुटीर उद्योग,बिजली, सड़क,कृषि व अन्य ढांचागत विकास कार्य शामिल है। इससे प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों को बढ़ावा मिलेगा। निकट भविष्य में यहां डिफेंस एक्सपो, कॉमन वेल्थ संसदीय सम्मेलन होने है।
अनुपूरक बजट में इनके सफल आयोजन पर भी ध्यान रखा गया है। इसी के अनुरूप प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने आज विधानसभा में द्वितीय अनुपूरक बजट प्रस्तुत किया। चार हजार करोड़ रुपये से अधिक के इस अनुपूरक बजट से विकास के अनेक उल्लेखनीय कार्यों पर अमल किया जाएगा। इसमें राजस्व लेखे का व्यय तथा पूंजी लेखे का व्यय शामिल है।

द्वितीय अनुपूरक बजट के मुख्य प्रस्तावों में औद्योगिक विकास पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे परियोजना डिफेंस एक्सपो इण्डिया, चिकित्सा शिक्षा, जिला चिकित्सालयों को मेडिकल काॅलेज में उच्चीकृत किये जाने की योजना, बिजली संबन्धी योजनाओं, वन व सामाजिक वानिकी नेशनल बैम्बू मिशन योजना, कृषि संबन्धी योजना,पराली प्रबन्धन,फलदार पौधों के रोपण, पंचायती राज के राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, चन्दौली में फोर्टिफाइड राइस के वितरण, पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बालक-बालिकाओं की शिक्षा हेतु अटल आवासीय विद्यालयों की स्थापना, राष्ट्रीय युवा उत्सव, काॅमनवेल्थ, पार्लियामेंटरी एसोसिएशन इण्डिया रीजन काॅन्फ्रेंस के आयोजन, आंगनबाड़ी केन्द्रों के निर्माण, अल्पसंख्यक बाहुल्य जनपदों में प्रधानमंत्री जनविकास कार्यक्रम के अन्तर्गत शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार हेतु धनराशि प्रस्तावित की गयी है। जाहिर है कि इन प्रस्तावों का उद्देश्य बहुआयामी है। ये सभी प्रस्ताव प्रदेश में चल रहे विकास कार्यो को गति प्रदान करने वाले है।
- डॉ दिलीप अग्निहोत्री







