मेरठ और सहारनपुर ने दर्ज की शानदार जीत
लखनऊ। पद्मश्री मोहम्मद शाहिद हॉकी स्टेडियम, गोमती नगर में जारी खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश हॉकी संघ के संयुक्त आयोजन वाली प्रदेश स्तरीय जूनियर बालक हॉकी प्रतियोगिता 2025-26 के तीसरे दिन खिलाड़ियों ने जबरदस्त ऊर्जा और कौशल का प्रदर्शन किया। तेज हमले, सटीक पास और शानदार फील्ड गोलों से मैदान गर्म रहा।
दिन के शुरुआती मैच में मेरठ मंडल ने मजबूत रक्षा और बेहतरीन टीमवर्क से चित्रकूट मंडल को 4-0 से हराया। इसी तरह सहारनपुर मंडल ने उत्कृष्ट तालमेल दिखाते हुए अलीगढ़ मंडल पर 4-0 की जीत हासिल की।
अन्य प्रमुख परिणामों में स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई ने वाराणसी मंडल को 6-1 से, जबकि स्पोर्ट्स हॉस्टल रामपुर ने कानपुर मंडल को 8-0 से बुरी तरह हराया। बस्ती मंडल ने झांसी मंडल को 4-1, मिर्जापुर मंडल ने देवीपाटन मंडल को 2-0, गोरखपुर मंडल ने आगरा मंडल को 2-1 तथा मुरादाबाद मंडल ने अयोध्या मंडल को 2-1 से परास्त किया।इन रोमांचक नतीजों के साथ टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों का कार्यक्रम अब अंतिम रूप ले चुका है।







