भगवान कृष्ण ने मथुरा में अवतार लिया,यह स्थान उत्तर प्रदेश में है। प्रभु ने द्वारिका में अपनी राजधानी बनाई, यह स्थान गुजरात में है, वहां श्रीकृष्ण की राजधानी के अवशेष भी मिले है। आनन्दी बेन पटेल का गुजरात और उत्तर प्रदेश दोनों से संबन्ध है। वह मूलतः गुजरात की है, और इस समय उत्तर प्रदेश की राज्यपाल है।
लखनऊ राजभवन में उनके रहते श्री कृष्ण जन्मोत्सव पूरे उत्साह व श्रद्धा के साथ मनाया गया। इसमें कलाकारों ने श्रीकृष्ण लीला पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राजभवन परिसर स्थित मंदिर में आयोजित श्री कृष्ण जन्मोत्सव समारोह में उपस्थित होकर पूजा अर्चना की। इसके पश्चात् राज्यपाल ने मथुरा से आये श्री गिरिराज कृष्ण सांस्कृतिक कला समिति के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम का अवलोकन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भक्तगण उपस्थित थे।
श्री कृष्ण जन्मोत्सव समारोह में कलाकारों द्वारा सरस्वती वंदना, कृष्ण रास लीला सहित अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। पिछले कई वर्षों से कृष्ण जन्मोत्सव समारोह का विशेष उल्लास से यहां के कर्मचारियों द्वारा आयोजन किया जा रहा है। श्री गिरिराज कृष्ण सांस्कृतिक कला समिति के सदस्यों ने राज्यपाल को अंग वस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया।
– डॉ दिलीप अग्निहोत्री






