नई दिल्ली 14 मार्च-2018। उत्तर प्रदेश में गोरखपुर और फूलपुर लोकसभा सीट पर बीजेपी के हार के संकेत मिलते ही सहयोगी दल शिवसेना ने तंज कसा है। पार्टी नेता संजय राउत ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि यह नतीजे उत्तर प्रदेश में योगी सरकार को खारिज करने वाले हैं। उन्होंने बीजेपी को सीख लेने की नसीहत देते हुए कहा कि उसे ऊंची उड़ान भरना बंद करना चाहिए। मैं यह नहीं मानता कि एसपी-बीएसपी गठबंधन ने काम किया है, मैं यह मानता हूं कि भगवान राम की सबसे ज्यादा निंदा करने वाले नेता के लिए आपने जिस दिन रेड कार्पेट डाला, उसी दिन राम इनके खिलाफ हो गए। गौरतलब है कि कांग्रेस भी इन नतीजों से उत्साहित है। कांग्रेस के नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, आम जनता ने किसान, युवा और महिला विरोधी नीतियों वाली सरकार के खिलाफ जनमत दिया है। इन नतीजों से साफ है कि जनता बीजेपी को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा रही है। बता दें कि फूलपुर और गोरखपुर लोकसभा सीट पर बीजेपी अपनी जीत तय मान रही थी। ऐसे में उसे यहां मिल रही हार उसके लिए बड़ा झटका है।
Keep Reading
Add A Comment







