लखनऊ: 17 मार्च, 2018: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार ने अपने लगभग एक वर्ष के कार्यकाल में प्रदेश की कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करते हुए प्रदेश को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने नये भारत के निर्माण का जो सपना देखा है, उसे पूरा करने में राज्य सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी। सबके सहयोग एवं प्रयास से उत्तर प्रदेश इस लक्ष्य को हर हाल में हासिल कर लेगा।
मुख्यमंत्री ने यह विचार आज यहां होटल ताज विवान्ता में यंग प्रेसीडेण्ट्स आॅर्गनाइजेशन, ग्रेटर इण्डिया चैप्टर द्वारा आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के प्रेरक नेतृत्व में भारतवर्ष ने क्रान्तिकारी बदलाव की ओर कदम बढ़ाये हैं। उनके प्रयासों से अर्थव्यवस्था में आम आदमी की भागीदारी बढ़ी है और आधुनिक आर्थिक सुविधाओं और संसाधनों तक जनसामान्य की पहुंच हुई है। नया भारत गरीबी, भ्रष्टाचार, आतंकवाद, सम्प्रदायवाद तथा जातिवाद से मुक्त होगा। केन्द्र सरकार ने सुशासन के माध्यम से ‘सबका साथ, सबका विकास’ करने का जो संकल्प लिया है, उसका पूरी तरह अनुसरण करते हुए प्रदेश सरकार भी जनता को जनार्दन मानकर उनकी सेवा कर रही है।
श्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में यह पहली बार हो रहा है कि जब शासन की नीतियों और योजनाओं का आधार व्यक्ति, परिवार, जाति अथवा मजहब को न बनाकर, गांव, गरीब, किसान, नौजवान और महिला सहित प्रदेश के दलित, वंचित और उपेक्षित वर्गाें को बनाया गया है। प्रदेश सरकार अवस्थापना सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को विरासत में गड्ढायुक्त सड़कें मिली थीं, जिन्हें दुरुस्त करने के लिए प्रदेशव्यापी अभियान चलाया गया। पहले चरण में गड्ढामुक्त सड़कें और उनके नवीनीकरण के बाद अब प्रदेश में 2-लेन तथा 4-लेन सड़कों का प्राथमिकता पर निर्माण कराया जा रहा है। राज्य सरकार पूर्वान्चल एक्सप्रेस-वे और बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे का निर्माण भी कराएगी। पिछली सरकार के आधे अधूरे आगरा-लखनऊ एक्सपे्रस-वे को पूरा कराते हुए इस पर वाहनों का विधिवत संचालन प्रारम्भ कराया गया है।







