आम जनता के पसीने की गाढ़ी कमाई पर निर्मम चोट
लखनऊ, 17 सितम्बर 2018: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 68वें जन्मदिन के विरोध में आज कांग्रेस नेता शैलेन्द्र तिवारी पूर्व पार्षद के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने प्रदेश की राजधानी लखनऊ में लालटेन एवं टार्च लेकर मोदी सरकार के साढ़े चार वर्ष का विकास ढूंढ़ने निकले। जिसमें उन्हें कूड़े के ढेर और सड़कों में गड्ढे मिले।
उन्होंने कहा कि टैक्स टेरेरिज्म की पर्याय बन चुकी केन्द्र की मोदी सरकार द्वारा पेट्रोल एवं डीजल पर उत्पाद शुल्क में क्रमशः 126 व 330 प्रतिशत की कर वृद्धि एवं व्यापारियों पर 28 प्रतिशत तक जीएसटी (गब्बर सिंह टैक्स) लगा आम जनता के पसीने की गाढ़ी कमाई पर निर्मम चोट किया है। इस अमानवीय कर संग्रह पश्चात भी मोदी सरकार का विकास सूर्य की तपती रोशनी में भी साढ़े चार वर्ष के सरकार के बाद भी दिखाई नहीं देता है।
उन्होंने कहा कि अलीगंज, अमीनाबाद, किसान पथ- बादशाहनगर चौराहा समेत फ्लाई ओवर जिसका चार वर्षों से काम रूका पड़ा हुआ है जिसकी वजह से करोड़ों का ईंधन बर्बाद होता है और समय बर्बाद होता है, इन रास्तों पर बड़े-बड़े गड्ढे एवं विधानसभा व जीपीओ गांधी प्रतिमा के पास कूड़े का ढेर मिला, इसके उपरान्त सिकन्दरबाग चौराहा होते हुए जीपीओ गांधी प्रतिमा से विधानसभा के सामने खोजते-खोजते इन सभी को उत्तर प्रदेश का विकास भारतीय जनता पार्टी उप्र के लग्जरी प्रान्तीय कार्यालय पर ही मिला, जहां बड़ी-बड़ी महंगी गाड़ियां एवं उन पर लगे हुए भाजपा के झण्डे विकास को मुंह चिढ़ा रहे थे।
इस मौके पर श्री दिलप्रीत सिंह, श्री वीरेन्द्र सिंह एडवोकेट, श्री अनुज गौतम, श्री रोहित कुमार, श्री रोहित अवस्थी, श्री शिवम राजपूत, श्री फैजान, श्री अजय, श्री प्रमोद कुमार, श्री ऋषि कश्यप, श्री कमलेश बाजपेयी आदि अन्य कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।







