लखनऊ: उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड ने ट्रांसमिशन सिस्टम के आधुनिकीकरण पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा कि पहले बीमारू राज्य कहलाने वाला उत्तर प्रदेश अब हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है। विद्युत उत्पादन, ट्रांसमिशन और वितरण में बदलाव आए हैं। हाल में 31,486 मेगावाट की पीक डिमांड संभाली गई। डेढ़ लाख गांवों तक बिजली पहुंचाई गई।ग्रीन एनर्जी में यूपी की भागीदारी है और ग्रीन एनर्जी कॉरिडोर में दूसरा स्थान है। चुनौतियां भी हैं, जैसे विद्युत दुर्घटनाएं रोकना, साइबर सुरक्षा और सिस्टम को मजबूत बनाना।
कार्यक्रम में ये प्रमुख लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम में ऊर्जा राज्य मंत्री सोमेंद्र तोमर, अपर मुख्य सचिव ऊर्जा नरेंद्र भूषण तथा चेयरमैन आशीष गोयल ने भी अपने संबोधन में विद्युत ट्रांसमिशन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, आधुनिक तथा विश्वसनीय बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं अधिकारियों और तकनीकी विशेषज्ञों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
इस अवसर पर एमडी मयूर माहेश्वरी और पंकज कुमार, विद्युत विभाग के सभी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रदेश भर से आए अधीक्षण अभियंता,अधिशाषी अभियंता आदि शामिल रहे। इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण प्रदेश के सभी विद्युत सब स्टेशन पर देखा गया।







