लखनऊ। पॉलीटेक्निक में परीक्षा से पूर्व प्रश्नपत्र लीक होने की सूचना छात्रों के लिये सबसे दुखदायी होती है। एक तो परीक्षा का डर और दोबारा परीक्षा की तैयारी, यह छात्रों के लिये सबसे परेशानी का कारण बन जाता है। परीक्षा प्रभावित होने और तारीख आगे बढ़ाने से परिषद को तमाम दिक्कतें उठानी पड़ती हैं। लेकिन, अब ऐसा नहीं होगा। पॉलीटेक्निक ने इससे निपटने के लिये अब दो प्रश्नपत्र तैयार किये हैं, ताकि किसी भी विपरीत परिस्थिति से निपटा जा सके।
पॉलीटेक्निक सेमेस्टर परीक्षा 22 अप्रैल से शुरू होने जा रही है। परीक्षा से पूर्व अगर कोई प्रश्नपत्र लीक होता है, तो परीक्षा की तारीख आगे नहीं बढ़ेगी। सिर्फ एक घंटे में दूसरे प्रश्नपत्र परीक्षा केंद्रों को भेजकर परीक्षा कराई जायेगी। पॉलीटेक्निक ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है। अब प्रश्नपत्र लीक होने पर छात्रों पर अतिरिक्त दबाव नहीं आयेगा।
ज्ञात हो कि दो साल पहले पॉलीटेक्निक में प्रश्नपत्र लीक हो गये थे, जिससे विभाग को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। इसको ध्यान में रखते हुए परीक्षाओं के आयोजन से पहले ही तैयारी पूरी कर ली गई है। किसी भी सूरत में परीक्षा तिथि को टाला नहीं जायेगा।पॉलीटेक्निक में एप्लाईड(सामान्य) विषयों के प्रश्नपत्र तैयार कराये गए हैं। इसमें एप्लाईड फिजिक्स, केमेस्ट्री, गणित, मैकेनिक्स, अंग्रेजी और गणित-2 के दो-दो प्रश्नपत्र तैयार किये गए हैं। विभागीय अधिकारियों की मानें तो सामान्य विषयों के ही प्रश्नपत्र लीक होने की संभावना रहती है, जिसको ध्यान में रखकर यह निर्णय लिया गया है।अब प्रश्नपत्र लीक होने की दशा में छात्रों को कक्षाओं के बाहर जाने नहीं दिया जायेगा। मात्र एक घंटे के अंतराल में ही परीक्षा केंद्रों पर इंटरनेट के माध्यम से ऑनलाइन प्रश्नपत्र भेजे जायेंगे।संजीव कुमार सिंह, सचिव, प्राविधिक शिक्षा परिषद ने बताया कि परीक्षा से पहले खतरा बना रहता है। परीक्षाएं प्रभावित न हो, इसके लिये दो प्रश्नपत्र तैयार कराये गए हैं। किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिये विभाग पूरी तरह से तैयार है।







