- 1 अप्रैल को रैली में निजीकरण के मुद्दे पर होगी अहम चर्चा: सांसद सावित्री बाई फुले
लखनऊ, 31 मार्च। निजीकरण के विरोध में उप्र पावर आफीसर्स एसोसिएशन ने आज बहराइच से भाजपा की सांसद सुश्री सावित्री बाई फुले से मुलाकात की। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भाजपा सांसद को एक ज्ञापन देकर सरकार द्वारा 5 शहरों के निजीकरण करने हेतु लिये गये फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग उठायी और विस्तार से चर्चा की।
भाजपा सांसद सावित्री बाई फुले ने कहा कि निजीकरण से सबसे ज्यादा नुकसान दलित व पिछड़े वर्ग को होगा। उप्र सरकार को अविलम्ब अपना निर्णय वापस लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि कल 1 अप्रैल को संविधान बचाओ आरक्षण बचाओ के मुद्दे पर लखनऊ के मा. कांशीराम स्मृति उपवन में विशाल हुंकार महारैली हो रही है, जिसमें सरकार के निजीकरण के फैसले पर गम्भीरता से चर्चा की जायेगी। किसी भी हालत में निजीकरण बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। पूरा बहुजन समाज निजीकरण के खिलाफ जरूरत पड़ने पर सड़कों पर उतरेगा।
इस सम्बन्ध में उप्र पावर आफिसर्स एसोसिएशन के कार्यवाहक अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा, अति.महासचिव अनिल कुमार, सचिव आरपी केन, संगठन सचिव, अजय कुमार, सपा के सदस्य विधान परिषद श्री सुनील सिंह साजन, पीपी सिंह ने कहा यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
वहीं आज दूसरी ओर निजीकरण के खिलाफ पावर आफिसर्स एसोसिएशन के समर्थन में अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र कुमार मौर्य वीरू, उप्र अनुसूचित जाति/जनजाति कृषि विभाग कर्मचारी कल्याण समिति के अध्यक्ष श्री श्याम लाल, एससी/एसटी बेसिक शिक्षा एसोसिएशन की श्रीमती रीना रजक, एससीएसटी रेलवे इम्प्लाइज एसोसिएशन सहित अनेकों विभागों के अनुसूचित जाति/जनजाति के सेवा संगठनों ने भी अपना पूरा समर्थन दिया है और कहा कि इस आन्दोलन में हम सभी बढ़-चढ़कर भाग लेंगे।







