लखनऊ, 12 नवम्बर 2018: नागरिक एकता पार्टी ने ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में विगत दिनों 8 वर्षीय नाबालिग गरीब बच्ची तरन्नुम की बलात्कार के बाद हत्या कर देने व अपराधियों की अभी तक गिरफ़्तारी न होने एवं पीड़ित परिवार को मुआवजा राशि ने मिलने के विरोध में धरना प्रदर्शन किया।
बता दें कि इस मामले में आन्दोलन तथा कैंडिल मार्च निकलने के बाद भी सरकार ने पीड़ित गरीब परिवार को कोई मुआवजा नहीं दिया, नागरिक एकता पार्टी द्वारा पीड़ित परिवार को 25 लाख मुआवजा दिलाने एवं अपराधियों की गिरफ़्तारी की मांग को लेकर आज नागरिक एकता पार्टी के प्रदेश भर से आये कार्यकर्ताओं ने विधानसभा का घेराव कर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नागरिक एकता पार्टी के झण्डों बैनरों व तख्तिओं को लेकर जमकर नारेबाजी की।
राष्ट्रीय अध्यक्ष शमीम खान ने प्रदर्शन के दौरान हत्यारों की गिरफ़्तारी एवं पीड़ित गरीब परिवार को 25 लाख रुपये का मुआवजा देने हेतु मुख्यमंत्री को ज्ञापन अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रफुल्ल त्रिपाठी के माध्यम से दिया। इस प्रदर्शन के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अब्दुल हलीम, राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक दुबे, प्रदेश महासचिव शकील अहमद राजू, निखिल निगम, अतुल अवस्थी, जावेद अंसारी, अजय कन्नौजिया, सुरेश चौहान, राजेश यादव, दीपक शुक्ला, अजीम, आदि ने भी दोषियों की शीघ्र गिरफ़्तारी व पीड़ित परिवार को मुआवजा की मांग कर विरोध प्रदर्शन किया।







