अयोध्या, 23 अप्रैल। विश्व हिंदू परिषद के नवनियुक्त अध्यक्ष विष्णु सदाशिव कोकजे सोमवार को अयोध्या पहुंचे। यहां उन्होंने रामलला के दर्शन के बाद कहा कि सुप्रीम कोर्ट में राम मंदिर को लेकर जारी भूमि विवाद पर फैसला हमारे पक्ष में आएगा। धारा 142 का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जन भावनाओं का ध्यान रखते हुए कोई भी निर्णय दे सकती है। जिस गति से कोर्ट में सुनवाई चल रही है, उम्मीद है अगले 6 महीने में फैसला आ जाएगा।
उसके बाद संतों के मार्गदर्शन में बैठक कर मंदिर निर्माण पर विचार किया जाएगा। भव्य मंदिर निर्माण के लिए जो संभव होगा किया जाएगा। मोदी सरकार पर बात करते हुए कहा कि यह सरकार अब तक की सरकारों में हिंदुओं के सबसे ज्यादा करीब है।
प्रवीण तोगड़िया से जुड़े एक सवाल के जवाब में कहा कि हम सभी पूर्व पदाधिकारियों का सम्मान करते हैं। सामाजिक समरसता विश्व हिंदू परिषद के एजेंडे में है। विष्णु सदाशिव राव कोकजे ने कहा कि आज मंदिर निर्माण की दिशा में जो कुछ प्रगति है वह विश्व हिंदू परिषद के आंदोलन की देन है।
उन्होंने कोर्ट का फैसला छह महीने के भीतर आने का भरोसा जताया। आज वह राम जन्मभूमि न्यास कार्यशाला में पत्रकारों से मुखातिब थे। इससे पूर्व उन्होंने सरयू स्नान किया। इसके बाद रामलला व हनुमानगढ़ी जाकर पूजन अर्चन किया।
आज ही दोपहर में उनकी भेंट जगद्गुरु पुरुषोत्तमाचार्य से भी होनी है। उन्होंने राम जन्मभूमि न्यास कार्यशाला का निरीक्षण किया आर वहां पर निर्मित शिला व तराशे गये पत्थरों को देखा। इस दौरान अन्य संगठन के लोग व वीएचपी मीडिया प्रभारी शरद शर्मा आदि मौजूद रहे। इससे पहले विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय कार्याध्यक्ष विष्णु सदाशिव कोकजे ने आज सुबह अयोध्या के हनुमानगढ़ी में दर्शन तथा पूजन किया।
उन्होंने हनुमानगढ़ी को बेहद दर्शनीय तथा शक्ति का प्रतीक भी बताया। इसके बाद उन्होंने रामलला का भी दर्शन किया। विश्व हिंदू परिषद के नव निर्वाचित अध्यक्ष विष्णु सदाशिव कोकजे ने आज भगवान राम की नगरी अयोध्या में हनुमान गढ़ी के बाद रामलला के दर्शन किए।







