गोरखपुर, 06 जुलाई। यूपी के महाराजगंज के एक गर्ल्स स्कूल के टॉयलेट में सीसीटीवी कैमरा लगाए जाने का सनसनीखेज मामला पकड़ा गया है। शुरूआती दौर में इस मामले में स्कूल स्तर पर लीपापोती कर ख़त्म करने कोशिश की गयी। लेकिन वीडियो वायरल होने पर मामला न थमा। अभिभावकों के हंगामा करने के बाद पुलिस ने इस मामले में 2 शिक्षकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा स्कूल के प्रिंसिपल को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
बता दें, महाराजगंज के सदर क्षेत्र में चलने वाले एवरेस्ट इंग्लिश मीडियम हाई स्कूल टॉयलेट में लगे सीसीटीवी कैमरे का खुलासा तब हुआ जब कुछ अभिभावकों ने सोशल मीडिया में वायरल हो रही वीडियो फोटो देखी। रविवार शाम स्कूल पहुंचे अभिभावकों ने जमकर हंगामा किया।
अभिभावकों की सूचना पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची स्कूल प्रबंधन से पूछताछ के बाद पुलिस ने महाराजगंज से 2 शिक्षकों को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि स्कूल प्रबंधन ने इन शिक्षकों को 1 हफ्ते पहले निकाल दिया था।
सूत्रों के मुताबिक टॉयलेट में कैमरा लगाए जाने की खबर स्कूल प्रबंधन को पहले ही लग गई थी लेकिन इस बारे में पुलिस को बताने की वजह प्रबंधन ने अपने स्तर पर शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई करके मामले को शांत कराया कराना चाहा। मामला शांत हो भी जाता यदि बच्चों की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल नहीं हुई होती, लेकिन फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और अभिभावकों की नजर में आने के बाद गुरुवार को हंगामा मच गया। पुलिस ने प्रिंसिपल को हिरासत में ले लिया है उनसे पूछताछ की जा रही है।







