13वीं लखनऊ जिला ओपन शतरंज चैंपियनशिप
लखनऊ, 19 सितम्बर 2018: सीएम कार्यालय में कार्यरत कुलदीप शंकर ने 13वीं लखनऊ जिला ओपन शतरंज चैंपियनशिप में सर्वाधिक साढ़े चार अंक के साथ खिताब अपने नाम कर लिया।
लखनऊ जिला चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में मानसरोवर योजना, शहीद पथ स्थित शिवानी पब्लिक स्कूल में संपन्न पांच हजार रूपए की इनामी राशि वाली इस चैंपियनशिप में पांचवें व अंतिम राउंड के बाद आधे अंक से पिछड़े पवन बाथम को चार अंक के साथ दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। वही लखनऊ यूनिवर्सिटी के अनुज यादव साढ़े तीन अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
हाईकोर्ट डिस्पेंसरी के अर्जुन सिंह और एफसीआई के सुनील कुमार के समान तीन-तीन अंक रहे लेकिन टाईब्रेक स्कोर के चलते अर्जुन सिंह को चौथा व सुनील कुमार को पांचवां स्थान मिला। युंग डेविड, शनि कुमार सोनी, कुलदीप श्रीवास्तव व मयंक पाण्डेय के समान ढाई-ढाई अंक रहे लेकिन टाईब्रेक स्कोर के आधार पर युंग डेविड को छठां, शनि को सातवां, कुलदीप श्रीवास्तव को आठवां व मयंक पाण्डेय को नौवां स्थान मिला।
पांचवें व अंतिम राउंड में अनुज यादव ने युंग डेविड को 1-0 से, कुलदीप शंकर ने अर्जुन सिंह को 1-0 से, पवन बाथम ने कुलदीप श्रीवास्तव को 1-0 से हराया। वहीं सुनील कुमार, शनि कुमार सोनी, मयंक पाण्डेय ने भी जीत से पूरे अंक जुटाए।
समापन समारोह में शिवानी पब्लिक स्कूल के सीईओ सुधीर दुबे ने पुरस्कार वितरित किए। इस चैंपियनशिप के शीर्ष चार खिलाड़ी आगामी स्टेट शतरंज चैंपियनशिप में लखनऊ टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।






