लखनऊ, 06 अक्टूबर 2018: लखनऊ में शुक्रवार से शुरू हुये भारत अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान मेले में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के स्टॉल पर बच्चों की सबसे ज्यादा भीड रही।
मेले में मेगा साइंस, टेक्नोलॉजी एंड इंडस्ट्री एक्सपो का आयोजन गोमती नगर स्थित रेलवे ग्राउंड में किया गया है। यहॉ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग और जैव प्रौद्योगिकी विभाग की अनेकानेक प्रयोगशालाओं के साथ ही इसरो, रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) समेत अन्य कई सरकारी एवं गैर सरकारी अनुसंधान संस्थानों के स्टॉल लगे हैं।
बच्चों ने इसरो के स्टॉल पर जाकर उपग्रहों और प्रक्षेपणयानों के बारे में भी जानकारी और सेल्फी भी ली। एमिटी स्कूल से आये बच्चों के एक समूह ने बताया कि उन्होंने स्टॉल में मौजूद वैज्ञानिकों से जाना कि उपग्रह में सोलर पैनलों का क्या काम होता है, उनमें कैसे तापमान कम रखा जाता है।
इस स्टॉल पर इनसैट-3डीआर, रिसोर्स सैट और आईआरएनएसएस उपग्रहों की प्रतिकरितियॉ रखी गयी थीं। साथ ही मंगलयान, चंद्रयान, प्रक्षेपणयान जीएसएलवी और पीएसएलवी के मॉडल भी यहॉ रखे गये थे। अभी विकास के चरण में मौजूद जीएसएलवी एमके-3 प्रक्षेपणयान भी यहॉ रखा गया था।






