बिजनौर, 24 मई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज यहां पर नूरपुर विधानसभा उप चुनाव को लेकर चुनावी सभा की। भाजपा के विधायक रहे लोकेंद्र प्रताप सिंह के निधन के बाद खाली सीट पर भाजपा ने उनकी पत्नी अवनी सिंह को प्रत्याशी बनाया है।
बिजनौर के नूरपुर के खालसा इंटर कालेज के मैदान में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी सरकार के एक वर्ष के कामकाज का ब्यौरा पेश करने के साथ ही जनता के सामने सरकार की प्राथमिकता को भी रखा। उनके साथ उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी मंच पर थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज गंगा मैया के अवतरण का दिन है, मैं गंगा दशहरा के अवसर पर आपको शुभकामनाएं देता हूं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इससे पहले प्रदेश में राज करने वाली समाजवादी पार्टी की सरकार में प्रदेश दंगों से पीडिघ्त था। सपा सरकार में दंगे होते थे। उन्होंने कहा कि आज भाजपा सरकार का प्रदेश में एक वर्ष का कार्यकाल हो गया है, लेकिन यहां पर कोई दंगा नहीं हुआ। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब जनता नहीं बदमाश अपनी जान की भीख मांगते हैं। प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति मजबूत होने के कारण आज लोग प्रदेश में उद्योग लगाना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सभी को सुरक्षा देगी। इसके साथ ही कहा कि पिछली सरकारों ने बाबा साहब आम्बेडकर को सम्मान नही दिया। भाजपा सरकार ने ही उन्हें सम्मान देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि किसानों के गन्ने के एक एक पाई का भुगतान होगा। अब प्रदेश में माहौल बदला है, हर वर्ग को उसका वाजिब हक मिलेगा। प्रदेश में जनता अभी तक सपा की गुंडागर्दी का परिणाम भुगत रही है। भाजपा की सरकार ने बिजनौर जनपद के किसानों का बड़ा कर्ज माफ किया है। प्रदेश में पिछली सरकारों ने अराजकता व गुंडागर्दी फैलाने का कार्य किया।







