पदोन्नति में आरक्षण बहाली व 200 प्वाइन्ट रोस्टर की बहाली होने तक जारी रहेगा संघर्ष
लखनऊ, 09 फरवरी 2019: 10 फरवरी को आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति,उप्र ने लखनऊ में अम्बेडकर स्मारक, गोमती नगर में प्रातः 8 बजे पदोन्नति में आरक्षण बिल पास कराने व 200 प्वाइंट रोस्टर को बहाल कराने को लेकर अन्तिम चरण की तैयारी पूरी कर ली है उन्होंने कहा कि कल हम फिर इतिहास लिखेंगे।
बता दें कि आज बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर केन्द्रीय विश्वविद्यालय लखनऊ व रैदास छात्रावास में तैयारी बैठक का जायजा लेने जब संघर्ष समिति की टीम पहुंची तो छात्रों का उत्साह से भरी दिखी। सभी ने एक सुर में कहा कि हम कल लखनऊ की धरती पर इतिहास लिखेंगे। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से केन्द्र सरकार बनने के बाद आरक्षण पर लगातार कुठाराघात हो रहा है, उससे पूरे देश के बहुजन समाज में काफी गुस्सा व्याप्त है। कल के विशाल पैदल मार्च के बाद आर-पार की लड़ाई के लिये आन्दोलन की अग्रिम रूप रेखा तय की जायेगी।
इस मौके पर आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति,उप्र के संयोजकों सर्वश्री अवधेश कुमार वर्मा, डा. रामशब्द जैसवारा, अनिल कुमार, अजय कुमार, श्याम लाल, अन्जनी कुमार, बनी सिंह, प्रेम चन्द्र, अशोक सोनकर, रामेन्द्र कुमार, अरविन्द फरसोवाल ने आज जहां जन जागरण अभियान के तहत लगातार छात्रों के बीच कर्मचारियों की कालोनियों में सुबह से जन सम्पर्क अभियान तेज किया।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से आरक्षण समर्थक कार्मिकों का भारी समर्थन मिल रहा था, उससे अब वह दिन दूर नहीं जब लखनऊ व दिल्ली की धरती पर एक व्यापक जन आन्दोलन छेड़ा जायेगा। संघर्ष समिति के नेताओं ने कहा अब सभी आरक्षण समर्थक कार्मिकों, बुद्धिजीवियों, छात्रों, वकीलों आदि सभी को एक मंच पर आकर आर-पार की लड़ाई लड़ना होगा। अन्यथा आने वाले दिनों में बाबा साहब की संवैधानिक विरासत पर आरक्षण विरोधी ताकतें कुठाराघात करती रहेंगी।







