सीतापुर, 14 मार्च 2019: एक साल बाद आदमखोर कुत्तों की आमद से जिले में फिर दहशत का माहौल पैदा हो गया है। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड सुन्दौली के मोहल्ला बेहटी में खेत की मेड़ पर बैठे पांच वर्षीय बच्चे को कुत्तों ने नोच कर मौत के घाट के उतार दिया। घटना के बाद लोगों में कुत्तों को लेकर भय व्याप्त हो गया है।
बेहटी निवासी रामनाथ अपने पांच वर्षीय पुत्र प्रियांशु को खेत लेकर गया था। बेटे को खेत की मेड़ पर बैठाकर रामनाथ खेत में मेंथा लगाने के काम में लग गया। इसी बीच वह पानी लेने खेत से थोड़ी दूर चला गया, तभी खेत की मेड़ पर बैठे प्रियांशु पर आधा दर्जन से अधिक कुत्तों ने हमला बोल दिया। प्रियांशु की चीख- पुकार सुनकर जब तक लोग दौड़कर उसके पास पहुंचते, तब तक कुत्ते प्रियांशु को बुरी तरह से घायल कर चुके थे। घायल प्रियांशु ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मामले की सूचना मिलने पर बृहस्पतिवार सुबह उपजिलाधिकारी अमित भट्ट ने भी पीड़ित के घर पहुंचकर उसे ढाढ़स बंधाया। भट्ट ने बताया कि नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी, वन क्षेत्राधिकारी के साथ-साथ पशु चिकित्साधिकारी को भी टीम बनाकर नगर पालिका क्षेत्र के सभी आवारा कुत्तों को पकड़ने के निर्देश जारी कर दिये गये हैं।







