नई दिल्ली, 05 जुलाई। इस बार सदी का सबसे लंबा चंद्र ग्रहण 27 जुलाई को देश भर में दिखाई देगा। एमपी बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ फंडामेंटल रिसर्च, एमपी बिरला प्लेनेटेरियम के अनुसार इस बार चंद्रमा थोड़ा सा लाल रंग का होगा।
एमपी बिरला प्लेनेटेरियम के निदेशक देवीप्रसाद दुआरी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि इस संबंध में कहा कि भारत के लोग खुशकिस्मत हैं कि आंशिक और पूर्ण दोनों चंद्र ग्रहण देश के सभी हिस्सों से पूरी तरह से दिखाई देगा। जानकारी दी कि भारत के अलावा चंद्र ग्रहण दक्षिण अमेरिका, अफ्रीका, पश्चिम एशिया और मध्य एशिया के कुछ हिस्सों में भी दिखाई देगा। इस खगोलीय घटना को ब्लड मून कहा गया है।
उन्होंने कहा कि पूर्ण चंद्र ग्रहण एक घंटे 43 मिनट का, जबकि आंशिक ग्रहण एक घंटे से ज्यादा समय का होगा। दुआरी के अनुसार आंशिक चंद्र ग्रहण 27 जुलाई को भारतीय समयानुसार रात 11 बजकर 54 मिनट पर शुरू होगा और पूर्ण चंद्र ग्रहण 28 जुलाई को तड़के एक बजे शुरू होगा। कहा कि चंद्रमा 28 जुलाई को सुबह एक बज कर 52 मिनट से दो बज कर 43 मिनट तक सबसे ज्यादा अंधकार में रहेगा। इस अवधि के बाद 28 जुलाई को सुबह तीन बज कर 49 मिनट तक आंशिक चंद्र ग्रहण रहेगा।







