सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का बयान ‘ भाजपा का विजन नाश करने वाला है।’ का भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता चंद्रभूषण पांडेय ने दिया जवाब
निश्चित रूप से भाजपा का विजन नाश करने वाला है। यह आतंक का नाश कर रहा है। दुष्टों को नाश, संकीर्ण सोच का नाश, असत्य का नाश, कदाचारी, अपराधी, भ्रष्चारी का नाश करने वाला है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को यह समझ में आया, इसके लिए वे धन्यवाद के पात्र हैं। ये बातें भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता चंद्रभूषण पांडेय ने कही।
वे सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का बुधवार को दिये गये बयान “भाजपा का विजन नाश करने वाला है। मुख्यमंत्री चाहे जितने दावे करें, हकीकत में एक भी दावा कसौटी पर खरा उतरने वाला नहीं है।” का गुरुवार को जवाब दे रहे थे।
उन्होंने कहा कि सपा हमेशा से गुंडों की पोषक पार्टी रही है। भाजपा के शासनकाल में अराजक तत्व जब जेल जा रहे हैं तो वे तिलमिला उठे हैं। यह सुशासन की सरकार है। इस सरकार में किसी को अराजकता फैलाने की छूट नहीं दी जा सकती। ऐसे में अपने ही लोगों को जेल जाता देख अखिलेश यादव उल-जुलूल बयान देने लगे हैं।
चंद्रभूषण पांडेय ने कहा कि सपा के शासन काल में लोग सरकारी क्रय केन्द्र का मुंह भी नहीं देख पाते थे। सरकारी क्रय केन्द्र दलालों के चंगुल में था। आज हर किसान अपने रबी और खरीफ की फसल सरकारी क्रय केन्द्रों पर बेच रहा है। गांवों में सरकारी विक्रय केन्द्र तक अनाज पहुंचता ही नहीं था। सिर्फ फाइलों में ही गरीबों को गेहूं और चावल बांट दिये जाते थे। आज अंगुठा लगवाकर हर गरीब के घर तक राशन पहुंच रहा है।
परिषदीय स्कूलों को सपा ने कभी ठीक करने की नहीं सोची। आज भाजपा के शासन काल में परिषदीय स्कूल कान्वेंट स्कूल को टक्कर दे रहे हैं। वहां पढ़ाई का माहौल बना है। हर स्कूल में कार्य पद्धति में काफी सुधार देखने को मिल रहा है। यह सब देखकर अखिलेश यादव घबरा गये हैं।







