89 सीटों पर मतदान जारी , पीएम नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी ने ट्वीट कर लोगों से वोट करने की अपील की
नई दिल्ली, 09 दिसम्बर। आज देश के सबसे महत्तपूर्ण राज्य गुजरात विधानसभा के पहले चरण का मतदान शुरू हो गया। पहले चरण में कच्छ, सौराष्ट्र और दक्षिणी क्षेत्रों के 19 जिलों की 89 सीटों पर मतदान सुबह आठ बजे शुरू हो गया। दोपहर 2 बजे तक 35 फीसदी मतदान हो चुका है। मतदान शाम पांच बजे तक चलेगा।

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर लोगों से ज्यादा से ज्यादा वोट करने की अपील की है। राहुल ने लिखा है कि मतदाताओं की भागीदारी लोकतंत्र की आत्मा होती है। गुजरात चुनाव में पहली बार वोट डाल रहे युवा साथियों का बहुत स्वागत और अभिनन्दन। गुजरात की जनता से अपील है कि भारी संख्या में मतदान कर लोकतंत्र के इस पर्व को सफल बनाएं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सुबह लोगों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में वोट करने की अपील की है। पीएम मोदी ने ट्वीट किया है, ”आज गुजरात में पहला चरण मतदान है। मैं सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के त्योहार में भाग लेने और बड़ी संख्या में वोट करने के लिए अपील करता हूं।
गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी राजकोट पश्चिम से मैदान में हैं। विजय रुपाणी ने सुबह 9 बजे अपना वोट डाला।
आज कच्छ, मोरबी, जामनगर, सुरेंद्र नगर, देवभूमि द्वारका, राजकोट, बटोद, पोरबंदर, जूनागढ़, अमरेली, गिर सोमनाथ, भावनगर, भरूच, नर्मदा, सूरत, तापी, नवसारी, डांग और वलसाड जिलों में कुल 977 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।







