■ प्रियंका बोलीं भाजपा के अन्याय का जवाब है कांग्रेस का न्याय पत्र
लखनऊ। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने चुनाव प्रचार के दौरान रायबरेली के सदर विधानसभा में जनसंपर्क किया और कई नुक्कड़ सभाओं को सम्बोधित किया। उन्होंने प्रमुख रूप से मुंशीगंज, कलसहा, राजापुर बेलाखारा, बेलाटेकई, उतरपारा, ” भांव, लोधवारी, भदोखर, भरतगंज, सकरा, संदीनागिन, अमावा, सिधौना, त्रिपुला के इलाकों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अमावा के झारखंडेश्वर मंदिर में दर्शन कर पूजा अर्चना भी की।
रायबरेली और अमेठी की जनता से कांग्रेस का जो रिश्ता जुड़ा वह आजतक कायम है
उन्होंने ट्विटर पर कहा कि आज से 103 साल पहले असहयोग आंदोलन के दौरान अवध में बाबा रामचंद्र और मदारी पासी जी के नेतृत्व में किसान आंदोलन चला था। इस दौरान रायबरेली के मुंशीगंज में सैकड़ों किसानों को गोलियों से भून दिया गया। इसके बाद पंडित मोतीलाल नेहरू और जवाहरलाल नेहरू जी रायबरेली आए थे। इस आंदोलन में ही पहली बार मोतीलाल नेहरू जी और जवाहरलाल नेहरू जी को गिरफ्तार किया गया था। उसी समय रायबरेली और अमेठी की जनता से कांग्रेस का जो रिश्ता जुड़ा वह आजतक कायम है। “सेवा के सौ सालों” का यह सफर आजतक जारी है।
बाद में सभा को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा आपके राहुल और मेरे भैया ने अपनी पैदल यात्रा जनता की समस्या के सुनने के लिए किया। और जब यात्रा से लौट कर आए तो उन्होंने अपने पार्टी के बड़े नेताओं से विमर्श करने के बाद कहा कि हमारे मेनिफेस्टो में दो बातें बड़ी स्पष्ट होनी चाहिए। पहली मेनिफेस्टो में वही बातें हों, वही वादे हों, जिसको हम पूरा कर सकें। दूसरा गरीबों के ऊपर किए गए 10 सालों के अन्याय के खिलाफ न्याय देना, राहत देना हमारे मेनिफेस्टो का उद्देश्य होना चाहिए, तभी हम अपने मेनिफेस्टो को न्याय पत्र के रूप में लेकर आए।
श्रीमती गांधी ने कहा यह न्याय पत्र गरीबों का न्याय पत्र है, उनकी उम्मीदों का न्याय पत्र है, हमने इसमें उन्हीं गारंटीयों को सम्मिलित किया है, जिसे हम अन्य राज्यों में अपनी सरकार द्वारा लागू करा पाए थे, जिनमें से प्रमुख गारंटीज हैं- गांधी ने आगे कहा इस देश के अन्नदाता किसानों को उनके सम्मान के साथ आगे बढ़ाना, हमेशा से कांग्रेस का उद्देश्य रहा है। आज किसानों की जितनी भी समस्याएं हैं। सब हल हो सकती हैं, बस समस्या हल करने की नीयत होनी चाहिए। आवारा पशुओं की समस्या उत्तर प्रदेश की बहुत बड़ी समस्या रही है। आवारा पशुओं के कारण खेती में बहुत नुकसान होता रहता है।
उन्होंने कहा कि रायबरेली हमारा परिवार है, हमने यहाँ एम्स, रेल कोच फैक्ट्री, रेल व्हील फैक्ट्री, एनटीपीसी, एनआईएफटी, केंद्रीय विद्यालय आदि ऐसे काम किया। जिसने रायबरेली की ख्याति बढ़ाई। क्या कभी बीजेपी का कोई नेता अपने काम से आपसे वोट मांगता है ? क्या कभी बीजेपी का कोई नेता आपसे पूछता है कि आप कैसे हैं? या आपसे वे यह कहें कि हमने फलाँ काम किया इसलिए आप हमें वोट दें। ऐसा वे बिल्कुल भी नहीं कहेंगे। वे लोग जब भी आपसे बात करेंगे आपका ध्यान भटकाने की कोशिश करेंगे।