राहुल-अखिलेश पर पीएम मोदी ने कसा तंज कहा दो शहजादों की फिल्म शूटिंग चल रही
लखनऊ, 20 अप्रैल 2024: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गजरौला में अमरोहा लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी कंवर सिंह तंवर के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान सपा- कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दो शहजादों की जोड़ी घूम रही है, उनकी फिल्म शूटिंग चल रही। वह हमारी आस्था से खिलवाड़ कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा गांव, गरीब के लिए बड़े विजन और बड़े लक्ष्यों के साथ आगे बढ़ रही है। लेकिन इंडी गठबंधन के लोगों की सारी शक्ति गांव देहात को पिछड़ा बनाने में लगती है। इस मानसिकता का सबसे बड़ा नुकसान अमरोहा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश जैसे क्षेत्रों को उठाना पड़ा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार देश में टेक्सटाइल इंडस्ट्री को बढ़ावा देने के लिए टेक्सटाइल पार्क बना रही है। इसका लाभ भी अमरोहा के गारमेंट उद्योग को मिलेगा। इससे ज्यादा से ज्यादा रोजगार पैदा होंगे। भाजपा सरकार की पीएम विश्वकर्मा योजना और मुद्रा योजना का लाभ भी यहां के साथियों को हो रहा है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के पिछले 10 वर्षों में जो हुआ है, वो तो अभी केवल एक ट्रेलर है। अभी तो हमें कऔर देश को बहुत आगे लेकर जाना है। पीएम ने कहा कि सीएम योगी गन्ना किसानों की चिंता की अमरोहा के गन्ना किसान कभी नहीं भूल सकते कि पहले उन्हें भुगतान के लिए कितना परेशान किया जाता था। लेकिन आज प्रदेश में गन्ने की रिकॉर्ड खरीद के साथ ही रिकॉर्ड भुगतान हो रहा है। जब सपा की सरकार थी, तो अमरोहा के गन्ना किसानों को साल में औसतन सिर्फ 500 करोड़ रुपये का भुगतान होता था।







