हम्बनटोटा, सलामी बल्लेबाज निरोशन डिकवेला और धनुष्का गुणतिलके के करियर के पहले शतकों की मदद से श्रीलंका ने आज यहां बडे स्कोर वाले तीसरे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में जिम्बाब्वे को आठ विकेट से हराकर पांच मैचों की श्रृंखला में 21 से बढत बनायी।
जिम्बाब्वे ने हालांकि फिर से प्रभावशाली प्रदर्शन किया। पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने पर उसकी टीम ने सलामी बल्लेबाज हैमिल्टन मास्काद्जा 111 के शतक से आठ विकेट पर 310 रन बनाये।
श्रीलंका ने इसके जवाब में 47.2 ओवर में दो विकेट पर 312 रन बनाकर जीत दर्ज की। डिकवेला 102 और गुणतिलके 116 ने पहले विकेट के लिये 229 रन की साझेदारी करके श्रीलंका को शानदार शुरूआत दिलायी। इसके बाद उपुल थरंगा ने 32 गेंदों पर नाबाद 44 और कुसाल मेंडिस ने 25 गेंदों पर नाबाद 28 रन बनाकर टीम को आसानी से लक्ष्य तक पहुंचाया।
इस बडे स्कोर वाले मैच में जिम्बाब्वे को आखिरी 15 ओवरों में अपेक्षित तेजी से रन नहीं बनाने का खामियाजा भुगतना पडा। मास्काद्जा ने बेहतरीन पारी खेली लेकिन उनके 33वें ओवर के शुरू में आउट होने के बाद रन गति धीमी पड गयी।
मास्काद्जा के अलावा तारिसाई मुसकांडा ने 48 और सीन विलियम्स ने 43 रन बनाये। मास्काद्जा ने अपनी पारी में 98 गेंदें खेली तथा 15 चौके और एक छक्का लगाया।
श्रीलंका की सलामी जोडी ने इसके बाद जिम्बाब्वे को किसी भी समय दबाव नहीं बनाने दिया। डिकवेला ने 116 गेंदों की अपनी पारी में 14 चौके लगाये जबकि गुणतिलके ने 111 गेंदें खेली तथा 15 चौके ओर एक छक्का लगाया।
इन दोनों ने पहले विकेट के लिये 200 से अधिक रन जोडे। यह दसवां अवसर है जबकि श्रीलंका की किसी सलामी जोडी ने पहले विकेट के लिये दोहरी शतकीय साझेदारी निभायी। गुणतिलके को उनकी इस शानदार पारी के लिये मैन आफ द मैच चुना गया।
Keep Reading
Add A Comment







