नई दिल्ली, 15 अप्रैल : पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में वक्फ संशोधन विधेयक के खिलाफ हिंसा जारी है। इसके बाद अब हालात को कंट्रोल करने की कोशिश की जा रही है। बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में हुई हिंसा के सिलसिले में गिरफ्तारियों की कुल संख्या 200 को पार कर गई है, राज्य पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस सिलसिले में सोमवार को यह जानकारी दी। राज्य पुलिस के अतिरिक्त महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) जावेद शमीम ने पुष्टि की है कि इस मामले में गिरफ्तारियां 200 से अधिक हो गई हैं।
बंगाल हिंसा में बांग्लादेशी घुसपैठियों की भूमिका

उन्होंने कहा कि मुर्शिदाबाद और मालदा जिलों में अशांत इलाकों में स्थिति अब सामान्य है। उन्होंने आगे कहा, अशांत इलाकों में लगातार रूट मार्च किए जा रहे हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। स्थिति तेजी से सामान्य हो रही है। दुकानें और प्रतिष्ठान खुलने लगे हैं।
जावेद शमीम ने आगे कहा कि दूसरे राज्यों के कुछ निहित स्वार्थी तत्वों द्वारा स्थिति के बारे में अफवाह फैलाने की कोशिश की जा रही है और अफवाहों को फैलने से रोकने के लिए कुछ इलाकों में इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं।







