राजस्थान में दर्दनाक हादसा डूबे युवकों को तलाश जारी
टोंक: राजस्थान के टोंक शहर में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। फ्रेजर पुल के पास बनास नदी में नहाने गए 11 युवकों में से 8 की डूबने से मौत हो गई। सभी युवक जयपुर के घाटगेट और हसनपुरा इलाके के रहने वाले थे और ईद-उल-अजहा के बाद पिकनिक मनाने टोंक आए थे।
पुलिस के मुताबिक, 11 युवकों का समूह मंगलवार सुबह बनास नदी में पिकनिक के लिए पहुंचा था। इनमें से तीन युवक किनारे पर खाना बनाने में व्यस्त थे, जबकि 8 युवक नदी में नहाने उतरे। नहाने के दौरान गहरे पानी में चले जाने के कारण वे डूबने लगे। स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान और एएसपी बृजेन्द्र सिंह मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से डूबे युवकों को नदी से निकाला गया, लेकिन तब तक 8 युवकों की मौत हो चुकी थी। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस और स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतकों की उम्र 20 से 30 वर्ष के बीच है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि संभवतः युवकों को तैरना नहीं आता था या वे एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में डूब गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अन्य जानकारी जुटाने में लगी है।
हादसे की खबर फैलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। इस घटना ने जयपुर और टोंक में शोक की लहर दौड़ा दी है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है। बता दें कि इस घटना से सम्बंधित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हों रहे रहें।







